फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दक्षिण में मोदी का जलवा पड़ गया फीका

Sat, 17 May 2014 01:44 AM IST
एस नागेश कुमार/एजेंसी, हैदराबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
देश के उत्तर, मध्य और पश्चिम हिस्सों में तीव्र गति से दौड़ रहा भाजपा का विजयी रथ दक्षिण आते आते धीमा पड़ गया। तमिलनाडु में एआईएडीएमके के शानदार प्रदर्शन, संयुक्त आंध्र में क्षेत्रीय पार्टियों के वर्चस्व और केरल में वोटों के ध्रुवीकरण के आगे भाजपा और मोदी का जलवा फीका पड़ गया।
विज्ञापन


हालांकि कांग्रेस नेतृत्व वाले कर्नाटक में भाजपा का प्रदर्शन अच्छा रहा और उसने 28 में से 16 सीटों पर जीत या बढ़त हासिल की। कांग्रेस 8, जदएस और अन्य 4 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।

सभी एग्जिट पोलों के अनुमानों के मुताबिक ही जे जयललिता की पार्टी एआईएडीएमके ने तमिलनाडु की 39 में से 37 सीटों पर बढ़त या सीट हासिल कर ली है। जबकि भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टी पीएमके एक-एक सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं।
विज्ञापन

कर्नाटक में नीलकेणी हारे, केरल में थरूर जीते

कांग्रेस और डीएमके का खाता खुलता भी नजर नहीं आ रहा है। डीएमके के ए राजा, दयानिधि मारन और टीआर बालू अपनी लोकसभा सीट पर पीछे चल रहे हैं। वित्त मंत्री पी. चिदंबरम का बेटा कार्ति शिवगंगा सीट पर चौथे स्थान पर रहा।

केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक एलायंस ने 12 सीटों पर जीत हासिल की जबकि वामदलों के गठबंधन एलडीएफ ने 8 सीटों पर कब्जा किया। यहां की तिरुवनंतपुरम सीट पर भाजपा के ओ राजगोपाल ने केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता शशि थरूर को जोरदार टक्कर दी लेकिन हराने में नाकाम रहे।

कर्नाटक में इंफोसिस के पूर्व सीईओ नंदन नीलेकणी को भाजपा के अनंत कुमार के खिलाफ हार का मुंह देखना पड़ा। वहीं दूसरी ओर भाजपा के बीएस येदियुरप्पा और एन सदानंद गौड़ा जीत गए।
विज्ञापन

आंध्र प्रदेश के विभाजन से कांग्रेस को नुकसान

आंध्र प्रदेश के विभाजन का खामियाजा कांग्रेस को सीमांध्र की 25 सीटों पर भुगतना पड़ा, जबकि तेलंगाना में भी उसके हिस्से में मात्र 1 सीट जाती दिख रही है। सीमांध्र में टीडीपी और भाजपा गठबंधन 16 और वाईएसआर कांग्रेस नौ सीटों पर बढ़त या जीत हासिल कर चुकी हैं।

तेलंगाना में टीआरएस ने 17 में से 12 सीटों पर बढ़त बना रखी है। भाजपा-टीडीपी गठबंधन दो सीटों पर जबकि एमआईएम एक सीट पर आगे है।

पुडुचेरी में कांग्रेस आगे है जबकि अंडमान निकोबार द्वीप की सीट भाजपा ने बरकरार रखी है जबकि लक्षद्वीप पर एनसीपी ने जीत हासिल की।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें