फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'बदलती दुनिया देख रही है भारत की ओर'

विज्ञापन
विज्ञापन
लोकसभा चुनावों में राजनाथ सिंह बीजेपी टीम के कप्तान थे। च़ुनाव के बाद अमित शाह मैन ऑफ द मैच रहे। आज का दिन नए अध्यक्ष का है। यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की चल रही बैठक के दौरान कही।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि 60 साल में जो लोग कुछ नहीं कर पाए हैं वो लोग अब 60 दिन का हमसे हिसाब मांग रहे हैं। प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद मेरा काफी समय सफाई में गया है। नई सरकार बनने के बाद पूरी दुनिया का नजरिया भारत के प्रति बदला है।

पूर्ण बहुमत से आई सरकार की तरफ पूरी दुनिया देख रही है। विश्व में बदलाव महसूस हो रहा है।

'देश के गरीबों की चिंता है हमें'

दुनिया में भारत का डंका चलना चाहिए और यह काम सवा सौ करोड़ भारतीय कर सकते हैं। हमारे लिए मानदंड कठोर कर दिए गए हैं। अच्छा है कठोर मानदंड है। उस कठोर मानदंड में सफल होना चाहिए। हमारे लिए दल से बड़ा देश है।

डब्‍ल्यूटीओ को लेकर लिए गए निर्णय के बाद भारत को अलग-थलग करने की कोशिश की जा रही है। डब्ल्यूटीओ में हमने भारत के किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए फैसला किया है।

दुनिया के अखबारों में वाहावाही जरूरी नहीं है।  हमारे लिए दल से बड़ा देश है, हमारे लिए प्राथमिकता सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय है।

हिंसा की किसी भी घटना को भारतीय जनता पार्टी स्वीकार नहीं कर सकती है। इतनी करारी हार के बावजूद भी लोग वोट बैंक की राजनीति में लगे हुए हैं।

'125 करोड़ लोगों का आशीर्वाद है'

पीएम मोदी ने कहा कि 125 करोड़ लोगों का आशीर्वाद हमारे साथ है। इसको ध्यान में रखना चाहिए। हमारे अंदर विश्‍वास होना चाहिए। हमने जब सबका साथ-सबका विकास के बात की तो लोगों को समझ में नहीं आया। लेकिन अमेरिका की तारीफ के बाद सबको यह समझ में आ गया। देश के लिए आपातकाल के दौरान दल की बलि चढ़ा चुके हैं। हमारे लिए दल से बड़ा देश है।

शाह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा

भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त अध्यक्ष अमित शाह ने विधानसभा चुनावों का बिगुल फूंक दिया है। शनिवार को राष्ट्रीय परिषद की बैठक में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनावों के विजय रथ को देश के कोने-कोने में ले जाने को कहा।

उन्होंने चार राज्यों के आगामी विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करने के लिए अभी से जुट जाने का आह्वान किया।

शाह ने पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि लोकसभा में हमारी ऐतिहासिक जीत की नींव पर हमें विधानसभाओं के चुनावों में विजय के कीर्ति स्तंभ स्थापित करने हैं। जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, झारखण्ड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इन सभी राज्यों में भाजपा सरकार की स्थापना करने का बीड़ा हमें उठाना है।'

शाह ने की मोदी सरकार की तारीफ

उन्होंने नरेंद्र मोदी सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि एक ओर केंद्र सरकार का संचालन करने वाले हमारे नेता, अच्छी सरकार देने के मोर्चे पर कोई भी कसर न छूटे, यह सुनिश्चित करेंगे। दूसरी ओर चुनावी जीत हासिल करने के लिए सभी प्रयास सुचारू रूप से हाथ में लेकर हमें संगठन की ताकत का परिचय देना पड़ेगा।

उन्होंने सुशासन को लोगों तक पहुंचाने पर जोर देते हुए कहा कि इसके बिना हमें लोगों तक पहुंचने से ही कतराना पड़ेगा। इसलिए सुशासन और संगठन क्षमता के समन्वित प्रयासों से हमें विधानसभा चुनावों में विजय का संकल्प करना पडे़गा।

शाह ने दी कार्यकर्ताओं को नसीहत

पार्टी कार्यकर्ताओं से अमित शाह ने कहा, 'लोकसभा चुनाव में हमने जो जनादेश अर्जित किया है, उसका सही मतलब हम सभी को ठीक से ध्यान रखना चाहिए। यह जनादेश केवल एक दल की जगह दूसरे दल को सत्ता में लाने के लिए नहीं था।'

उन्होंने कहा कि इस जनादेश का सही अर्थ है परिवर्तन। लोग परिवर्तन के भूखे हैं। सरकार चलाने के तौर-तरीकों में जनता सभी मोर्चों पर परिवर्तन चाहती है। हमें गर्व होना चाहिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सत्ता में आई।

'विकास सरकारी कार्यक्रम भर नहीं'

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने इस परिवर्तन की आकांक्षा को समझकर कई कदम उठाए हैं। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद मंत्रियों ने अपने मंत्रालयों में नई कार्य-संस्कृति विकसित करने के लिए कदम उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, मंत्री और उनके सहयोगियों ने परिश्रम और कार्यनिष्पादन का एक नया वातवरण निर्माण किया है।

शाह ने कहा, 'हम मानते हैं कि विकास कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं रह सकता। वह जनता की आकांक्षाओं का एक आंदोलन होना चाहिए। मात्र 75 दिनों में हमने परिवर्तन की जनाकांक्षा को समझते हुए हमारी वित्त और विदेश नीति में संतुलन का सूत्र स्थापित किया है।'

अर्थ और विदेश न‌ीति पर भी बोले शाह

उन्होंने कहा कि हम वैश्विक वित्तीय प्रबंधन में अंतराष्ट्रीय व्यवस्था के साथ साथ समन्वय चाहते हैं। लेकिन भारत के हितों की बलि चढ़ाना हमें कतई स्वीकार नहीं है। यही सूत्र विदेश नीति में भी है। आतंकवाद अब देशों की भौगोलिक सीमाओं में बंधा हुआ नहीं है। ईरान या ईराक में कुछ होता है तो उसकी प्रतिक्रिया भारत में आती है। वित्त नीति और विदेश नीति, दोनों के संदर्भ में वैश्विक और प्रादेशिक स्थिति का सही आंकलन और राष्ट्रीय हितों की रक्षा यह विवेक दृष्टि ही हमारा मूलाधार है।

अमित शाह के नाम पर लगी मुहर

इससे पहले राष्ट्रीय परिषद की बैठक में शनिवार को अमित शाह को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के प्रस्ताव का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। प्रस्ताव पेश करने के बाद निवर्तमान अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि पार्टी के संसदीय बोर्ड ने शाह की अध्यक्ष के तौर पर नियुक्ति की है और मैं उनकी नियुक्ति के प्रस्ताव को अनुमोदन के लिए परिषद के समक्ष रखता हूं। इसके बाद परिषद के समस्त सदस्यों ने करतल ध्वनि के साथ इस प्रस्ताव का अनुमोदन किया।

शाह को राजनाथ सिंह के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पिछले महीने पार्टी की बागडोर सौंपी गई थी।

भाजपा के संविधान में एक पद एक व्यक्ति का सिद्धांत है और इसी का पालन करते हुए राजनाथ सिंह ने अध्यक्ष पद छोड़ दिया था। शाह उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव में पार्टी का परचम लहराकर अपना लोहा मनवा चुके हैं।
विज्ञापन

अटल के मिशन को पूरा करेगी मोदी और शाह की जोडी

शाह से पहले अपने भाषण में निवर्तमान भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के भारत को जगद्गुरू बनाने के मिशन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की जोड़ी पूरा करेगी।

सिंह ने पार्टी की राष्ट्रीय परिषद को संबोधित करते हुए कहा कि अटलजी के जमाने में भारत को जगद्गुरू बनाने की दिशा में काम शुरू हुआ था। दुनिया की परवाह किए बिना राजस्थान में परमाणु परीक्षण किए गए और किसानों के हितों के लिए विश्व व्यापार संगठन में सरकार ने आवाज बुलंद की थी। उस मिशन को अब श्री मोदी और श्री शाह की जोड़ी पूरा करेगी।

भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में देशभर से दो हजार से भी अधिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें