दो अक्तूबर को भले पूरा देश गांधी जयंती मनाए लेकिन भाजपा सांसद सर्वेश सिंह के लिए तो ये स्वतंत्रता दिवस है।
शायद इसीलिए गुरुवार को रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म पर झाड़ू लगाने पहुंचे सांसद ने बार - बार कहा, आज स्वतंत्रता दिवस है, पूछने पर यह भी कह गए कि आज 68 वां स्वतंत्रता दिवस है। मोदी जी ने कहा है इसलिए दो घंटा श्रमदान कर देश को स्वच्छ बनाना है।
देश के लिए कानून बनाने वाली संसद के सदस्य के सामान्य ज्ञान ने भाजपा को असहज स्थिति में डाल दिया है। सांसद कुंवर सर्वेश सिंह खुद भी हंसी का पात्र बन गए हैं। उनके बयान के बाद राजनीतिक हलकों में तेजी से बहस छिड़ गई है।
सांसद का बयान भाजपा को शहर से लेकर दिल्ली तक दुविधा में डाले है। अपने सांसद के बयान पर पार्टी को बचाव का रास्ता नहीं सूझ रहा है। सांसद सर्वेश सिंह ने यह बयान उस वक्त दिया जब गुरुवार को वह रेलवे स्टेशन पर स्वच्छ भारत अभियान के तहत सफाई करने पहुंचे थे।