लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी अपना कुनबा बढ़ाने में जुटी है। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के बागी सांसद राजन सुशांत समेत भोजपुरी अभिनेत्री रीना रानी ने पार्टी ज्वाइन कर ली है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और आशुतोष की उपस्थिति में दोनों ने आम आदमी पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। अहम है कि भाजपा के बागी सांसद राजन सुशांत हिमाचल प्रदेश से सांसद है।
उन्हें प्रदेश में बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने के कारण भाजपा से निष्कासित कर दिया था।
इस अवसर पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि राजन सुशांत ने धूमल सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोली इसलिए उन्हें पार्टी से निकाला गया। उन्होंने कहा कि राजन सुशांत सामाजिक मुद्दों पर लड़ते रहे हैं।