मुरादाबाद के कांठ में तनाव की स्थिति बन गई है। हरिद्वार रेल ट्रैक पर बैठे ग्रामीणों को हटाने के लिए की गई पुलिस की हवाई फायरिंग के बाद लोग भड़क गए। लोगों ने विरोध में पथराव कर दिया। पथराव में डीएम चंद्रकांत घायल हो गए हैं जिन्हें मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
इससे पहले सुबह पंचायत में शामिल होने जा रहे तीन सांसद व विधायक समेत 120 भाजपाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया। तीन सांसद नेपाल सिंह, सतपाल सैनी, कंवर सिंह तंवर व विधायक संगीत सोम को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
स्टेशन पर भी उपद्रवियों की काफी भीड़ जमा है। बड़ी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया। स्थिति तनावपूर्ण लेकन नियंत्रण में है। वरिष्ठ अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। कुछ और जिलों की पुलिस को अलर्ट रहने को कहा गया है।
विज्ञापन
हिरासत में भाजपा विधायक सोम
मुरादाबाद पुलिस ने बीजेपी विधायक संगीत सोम को हिरासत में ले लिया है। वे मुरादाबाद के कांठ में महापंचायत के लिए जा रहे थे। प्रशासन ने इलाके में धारा 144 लगाई हुई है।
आज बीजेपी के कई नेताओं को इस महापंचायत में शामिल होने के लिए यहां पहुंचना था, प्रशासन की निगाहें भी इस पंचायत पर थीं और पुलिस भी इसके लिए मुस्तैद थी।
अब देखना ये होगा कि बीजेपी इस पर क्या रुख अख्तियार करती है और क्या मुरादाबाद के हालातों पर इसका कोई फर्क पड़ता है?
कई बीजेपी नेता भी हिरासत में
पुलिस ने बीजेपी के कई नेताओं के महापंचायत में जाते हुए हिरासत में लिया है। इनमें से कुछ सांसद और विधायक भी हैं।
खबरों के मुताबिक पुलिस ने रामपुर के सांसद को भी गिरफ्तार कर लिया है। कांठ में फिलहाल बीजेपी कार्यकर्ता जमा हो रहे हैं और पुलिस को उन्हें रोकने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
प्रशासन ने माहौल बिगड़ने की आशँका के चलते इन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर हैं।
मैराथन समझौता वार्ता हुआ नाकाम
कांठ प्रकरण का हल निकालने के लिए सोमवार को अकबरपुर चैदरी नया गांव में स्थानीय विधायक अनीसुर्रहमान के घर दोनों पक्षों में हुई मैराथन समझौता वार्ता नाकाम रही। हालांकि भाजपा सांसद सर्वेश सिंह की मौजूदगी में हुई इस बैठक में दोनों पक्षों के नेताओं के बीच पांच शर्तों पर सहमति बन गई थी। दोनों ओर से नेताओं ने समझौते पर दस्तखत भी कर दिए थे लेकिन जब ये फैसला जनता के बीच पहुंचा तो पब्लिक ने उसे नकारते हुए फाड़ दिया।
भड़के लोगों ने सांसद के खिलाफ नारेबाजी कर उनका पुतला भी फूंका। भाजपा के शीर्ष नेताओं ने भी सांसद की क्लास ली है। भीड़ के तेवर देख सांसद ने भी फैसला फाड़ दिया। भाजपा और हिंदू संगठनों ने देर शाम ऐलान किया कि कांठ में शुक्रवार को महापंचायत होगी। इधर, प्रशासन ने महापंचायत से निपटने को पूरी ताकत झोंक दी है।
जिला प्रशासन की पहल पर बृहस्पतिवार को अकबरपुर चैदरी में सुबह करीब दस बजे विधायक अनीसुर्रहमान के घर बंद कमरे में वार्ता शुरू हुई जिसमें भाजपा की ओर से मुरादाबाद सांसद कुंवर सर्वेश कुमार सिंह, संभल सांसद एडवोकेट सत्यपाल सैनी, महापंचायत के संयोजक पूर्व कांठ विधायक राजेश कुमार चुन्नू, दूसरे पक्ष से विधायक अनीसुर्रहमान, चेयरमैन इकबाल आलम अंसारी, जावेदुज्जमा, रईसउद्दीन, शब्बीर, अख्तर हुसैन आदि थे।
बवाल के बाद सातवें दिन भी कांठ का मुख्य बाजार पूरी तरह से बंद रहा है। हालांकि फोर्स की मौजूदगी से कस्बे में तनावपूर्ण शांति है लेकिन पुलिस एक्शन को लेकर लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। कांठ के नया गांव अकबरपुर चैदरी स्थित मंदिर के ताले तोड़कर पुलिस द्वारा जबरन लाउडस्पीकर उतारने और विरोध में आई दलित महिलाओं पर लाठीचार्ज करने से शुरू हुआ बवाल शांत होने का नाम नहीं ले रहा है।
सात दिन पहले दलित महिलाओं को पीटकर जेल भेजने के विरोध में हिंदू संगठनों के जाम दौरान कांठ जल उठा था। पब्लिक और पुलिस के बीच जबरदस्त पथराव और फायरिंग हुई थी। उसी दिन से कांठ के मुख्य बाजार बंद हैं। हालांकि पुलिस प्रशासन ने बाजारों को खुलवाने की भरसक कोशिश की है लेकिन कांठ के व्यापारियों ने प्रशासन पर यकीन करने से इनकार कर दिया है।
व्यापारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन पूरी तरह पक्षपात कर रहा है उससे इंसाफ की उम्मीद नहीं है। व्यापारी शर्तें पूरी होने से पहले बाजार खोलने को तैयार नहीं हैं।