मुजफ्फरनगर के मीरपुर में भूम्मा नहर पटरी मार्ग पर बाइक सवार दो बदमाशों ने भाजपा पंचायतराज प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष और रिटायर्ड फौजी की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी।
गुस्साए लोगों ने पहले तीन घंटे तक पुलिस को लाश नहीं उठाने दी और फिर मोंटी तिराहे पर पहुंचकर दिल्ली-पौड़ी और पानीपत-खटीमा हाईवे जाम कर दिया। जाम खुलवाने पहुंचे पुलिस अफसरों का घेराव कर पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की भी की गई।
एसपी क्राइम राकेश जौली ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि थाना क्षेत्र के गांव नंगला खेपड़ के पूर्व प्रधान और भाजपा नेता शोभाराम आर्य के पुत्र ओमवीर सिंह गुर्जर (45) भाजपा पंचायतराज प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष थे।
ओमवीर की रिवाल्वर छीन मारी गोली
ओमवीर सिंह मीरापुर की पुरानी सब्जी मंडी पंजाबी कॉलोनी में रहते थे। मंगलवार सुबह ओमवीर सिंह बाइक पर मीरापुर से अपने गांव नंगला खेपड़ जा रहे थे। सुबह 7.10 पर जब वह भूम्मा नहर पटरी मार्ग पर पहुंचे, तो वहां पहले से घात लगाए खड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी।
घायल ओमवीर सिंह ने भी लाइसेंसी रिवाल्वर से बदमाशों पर गोली चलाई, जो एक बदमाश के पैर में लगी। इसके बाद बदमाशों ने ओमवीर की रिवाल्वर छीनकर उसी से उनपर गोलियां बरसा दीं। सात गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद बदमाश उनका रिवाल्वर भी लेकर भाग गए।
घटना की सूचना पर गांव नंगला खेपड़ के साथ ही मीरापुर से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर जा पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग
पुलिस को करीब तीन घंटे तक लाश उठाने नहीं दी गई। किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर लाश मोर्चरी पर भेजी गई, जिसके बाद लोग मीरापुर में मोंटी तिराहे पर पहुंच गए और वाहन आड़े-तिरछे खड़े कर दिल्ली-पौड़ी और पानीपत-खटीमा हाईवे पर जाम लगा दिया।
सीओ जानसठ मुकेश मिश्र का घेराव कर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई। जाम खुलवाने की कोशिश करते इंस्पेक्टर जानसठ और मीरापुर से लोगों की तीखी नोकझोंक के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। किसी तरह समझा-बुझाकर अफसरों ने जाम खुलवाया। पिता शोभाराम आर्य ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसपी क्राइम राकेश कुमार जौली का कहना है कि घटना रंजिशन हो सकती है। कई बिंदुओं पर जांच चल रही है और बहुत जल्द वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।