कर्नाटक में भाजपा नेता एसएन चन्नबसप्पा को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। चन्नबसप्पा ने कहा था कि अगर सिद्धारमैया शिवमोगा शहर में बीफ खाएंगे तो वह उनका सिर काट देंगे।
शिवमोगा नगरपालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष एसएन चन्नबसप्पा ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को चुनौती दी थी कि वो शहर के चौराहे पर बीफ खाकर दिखाएं।
सिद्धारमैया ने पिछले हफ्ते युवा कांग्रेस की रैली में कहा था कि वो बीफ नहीं खाते लेकिन अब वो खा सकते हैं। उन्होंने कहा था, "ये लोग कौन होते हैं मुझे बताने वाले कि मैं क्या खा सकता हूं?"
एक विरोध रैली में चन्नबसप्पा ने कहा, "मुख्यमंत्री सिद्धारमैया तानाशाह की तरह बर्ताव कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि अगर वो चाहेंगे तो बीफ खाएंगे और कोई उन्हें रोक नहीं सकता। शिवमोगा के गोपी चौराहे पर उन्हें बीफ खाने दें और अगर वो ऐसा करते हैं तो उनका सिर काट दिया जाएगा।"