कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा है कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के घातक नतीजे सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को भी इसकी भारी कीमत चुकानी होगी। मोदी के नजदीकी लोग पार्टी पर कब्जा कर लेंगे।
चिदंबरम् ने कहा कि भाजपा अब सिर्फ शैडो राजनीतिक पार्टी बन कर रह गई है, जो चुनाव शुरू होने के एक दिन पहले तक अपना घोषणापत्र पेश नहीं कर पाई है।
सोमवार से देश में पहले चरण का मतदान शुरू हो जाएगा। हालांकि चिदंबरम् के इस बयान का भाजपा ने जवाब दिया है। भाजपा नेता अरुण जेटली ने कहा है कि चिदंबरम़् के बयान से साफ हो गया है कि कांग्रेस हार मान चुकी है और वह गहरे अवसाद में है।
चिदंबरम् ने मोदी पर हमले करते हुए कहा कि भाजपा के पीएम उम्मीदवार ने पूरी पार्टी पर कब्जा कर लिया है। अब केंद्र में भाजपा सरकार नहीं बनेगी। यह मोदी सरकार होगी। नारों में भी मोदी सरकार की बात कही जा रही है।
रविवार को तो मोदी यहां तक कि बढ़ गए कि भाजपा के बजाय खुद के नाम पर वोट डालने की अपील कर डाली। भाजपा अब एक शैडो पार्टी बन कर रह गई है। अब इस पर मोदी का कब्जा है। पार्टी इसकी भारी कीमत चुकाएगी क्योंकि उस पर एक आदमी का कब्जा है।
यही वजह है कि भाजपा चुनाव घोषणापत्र लाने में नाकाम रही है। यह हालत तब है जब देश में सोमवार से चुनाव शुरू हो रहे हैं।