दिल्ली विधानसभा चुनाव के औपचारिक ऐलान से पहले बीजेपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के जरिेये आज शक्ति प्रदर्शन कर रही है। इस रैली को प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता और साख से जोड़कर देखा जा रहा है। इस रैली को सफल बनाने के लिए बीजेपी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। हालांकि विपक्षी पार्टियों ने आरोप लगाया है कि मोदी की इस रैली के लिए बीजेपी ने भाड़े की भीड़ इकट्ठा की है। विपक्षी दलों, कांग्रेस और आप का आरोप है कि रैली को सफल बनाने के लिए बीजेपी उत्तर प्रदेश और हरियाणा से लोगों को बसों में भरकर लाई है।
आप के नेता और दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती का कहना है कि बहुत बड़ी संख्या में हरियाणा और यूपी से बड़ी संख्या में लोग लाए गए हैं। सोमनाथ भारती का कहना है कि बीजेपी दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन का प्रयास कर रही है। सोमनाथ भारती का कहना है कि पता नहीं कब ये अपनी पुरानी आदतें छोड़ेंगे और कब जनसेवा के काम में जुटेंगे। आम आदमी पार्टी ही नहीं कांग्रेस ने भी बीजेपी पर निशाना साधा है।
कांग्रेस नेता मुकेश शर्मा का कहना है कि मोदी की रैली को सफल बनाने के लिए जिस तरह स्टेट की मशीनरी का दुरुपयोग किया गया है, कांग्रेस पार्टी उसकी निंदा करती है। मुकेश शर्मा का आरोप है कि यूपी और हरियाणा से 2500 बसों में भरकर लोग लाए गए हैं।