केंद्र की सत्ता के फाइनल मुकाबले में अभी देर है। मगर देश के दो प्रमुख दल सत्ता के सेमीफाइनल मुकाबले में ही एक दूसरे के खिलाफ अमर्यादित शब्द इस्तेमाल करने की होड़ शुरू कर चुके हैं।
पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी को बार-बार शहजादा पुकारे जाने के बाद से ही भरी बैठी कांग्रेस ने भाजपा ही नहीं उसके प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर भी सियासी हमला करने में आक्रामक शब्दों की छौंक लगाया।
पार्टी ने भाजपा को लोमड़ी करार दिया तो इशारों-इशारों में मोदी की तुलना आतंकी कसाब और तानाशाह हिटलर से कर दी। शुरुआती चुनाव प्रचार में ही भाजपा और कांग्रेस के बीच जिस प्रकार सीमा लांघने वाले शब्दों का आदान प्रदान हो रहा है, उससे भविष्य में इसके और उग्र लेने की संभावना बनती दिख रही है।
उल्लेखनीय है कि बीते लोकसभा चुनाव के दौरान दोनों दलों की ओर से इस दूसरे के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियों की बाढ़ सी आ गई थी। दोनों ही दलों ने एक दूसरे के खिलाफ दर्जनों मामलों में चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया था।
कांग्रेस हाथी और भाजपा लोमड़ीः रमेश
बुधवार को कांग्रेस के दो नेताओं केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश और पार्टी प्रवक्ता राजबब्बर ने भाजपा और मोदी के खिलाफ मोर्चा खोला। एक विदेशी एजेंसी को दिए इंटरव्यू में जयराम रमेश ने कांग्रेस को हाथी तो भाजपा को लोमड़ी बताया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विशाल हाथी है जो कि धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है, जबकि भाजपा लोमड़ी की तरह इधर उधर भाग रही है। इसी इंटरव्यू में जयराम ने इशारों-इशारों में मोदी की तुलना तानाशाह हिटलर से कर डाली।
उधर राजब्बर ने जयराम से भी एक कदम आगे बढ़ते हुए मोदी की तुलना मुंबई हमला मामले में शामिल आतंकी कसाब से कर डाली। मोदी की सुरक्षा बढ़ाने की भाजपा की मांग पर कटाक्ष करते हुए राजबब्बर ने कहा कि सुरक्षा का हक सभी का है।
कसाब को भी दी जाती है सुरक्षाः राजबब्बर
अभिनेता से नेता बने बब्बर ने कहा कि इसमें कसाब भी आते हैं तो मोदी भी। हालांकि विवाद बढ़ने पर राजबब्बर ने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि मैंने तो बस एक उदाहरण दिया था, किसी की किसी से तुलना नहीं की थी।
उल्लेखनीय है कि राहुल को भाजपा और खासकर मोदी द्वारा बार-बार शहजादा पुकारे जाने से कांग्रेस लंबे समय से भरी बैठी थी।
बीते दिनों पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने सीधे-सीधे राहुल के लिए शहजादा शब्द का इस्तेमाल न करने की चेतावनी देते हुए कहा था कि कांग्रेस के कार्यकर्ता महज दो दिनों में ऐसी भाषा पर लगाम लगाने की कुव्वत रखते हैं।
इस दौरान द्विवेदी ने भाजपा को जैसे को तैसा जवाब देने की भी चेतावनी दी थी। इसलिए माना जा रहा है कि कांग्रेस ने अपनी इस चेतावनी पर काम करना शुरू कर दिया है।