नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार गुजरात विधानसभा चुनाव में विजय पताका पहराकर जीत की हैट्रिक लगाई है। ऐसे में पीएम पद पर उनकी दावेदारी और मजबूत हो गई है, लेकिन उनकी पार्टी भाजपा ने इस सवाल पर चुप्पी साध रखी है। वह इस प्रश्न का सीधा जवाब न देकर टालने वाले उत्तर दे रही है।
भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने बृहस्पतिवार को मोदी हमेशा से भाजपा के महत्वपूर्ण नेता रहे हैं। प्रसाद के अनुसार भाजपा परिवारवाद से चलने वाली पार्टी नहीं है। वह पूरी तरह से लोकतांत्रिक तरीके से चलती है। उनसे पूछा गया था कि क्या जीत की हैट्रिक लगाने के बाद पीएम पद की मोदी की दावेदारी और मजबूत हो गई है।
प्रसाद ने कहा कि राज्य में गुजरात में मिली जीत से पार्टी में खुशी की लहर है। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में मोदी के खिलाफ विभिन्न स्तर पर प्रचार अभियान चलाया गया था, लेकिन उन्होंने इनका जमकर मुकाबला किया और जीत हासिल की। प्रसाद ने कहा कि विभिन्न जाति और वर्ग के इस देश में जीत उसी नेता को मिलती है, जो जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरता है।
प्रसाद मोदी के विरोधी माने जाने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में पूछे गए सवाल को भी टाल गए। उन्होंने कहा कि मोदी और नीतीश कुमार के मुद्दे पर कई बार विचार-विमर्श हो चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा और जद-यू की दोस्ती की जड़े काफी गहरी हैं और हमने कई चुनाव मिलकर लड़े हैं।
प्रसाद ने मोदी से जुड़े इस तरह के सवालों को काल्पनिक करार दिया और कि हमें गुजरात में नरेंद्र मोदी को मिली लगातार तीसरी जीत का जश्न मनाने दीजिए। साथ ही उन्होंने कहा कि हमें इस बात का गर्व है कि भाजपा में ऐसे कई नेता हैं जो प्रधानमंत्री बनने की योग्यता रखते हैं।