पार्टी नेतृत्व को लगातार आंख दिखा रहे सांसद राम जेठमलानी के खिलाफ आखिरकार भाजपा ने सख्त तेवर दिखा दिए हैं। पार्टी ने सीबीआई निदेशक की नियुक्ति प्रकरण में जेठमलानी के खिलाफ कार्रवाई के संकेत दिए हैं। भाजपा ने जेठमलानी के बयान की कड़ी भर्त्सना करते हुए कहा है कि पार्टी इस मामले पर सख्त संज्ञान लेगी। पार्टी प्रवक्ता शहनवाज हुसैन ने शनिवार को कहा कि जेठमलानी का बयान कांग्रेस को फायदा पहुंचाने वाला है।
लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज व राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली ने प्रधानमंत्री को जो पत्र लिखा था वह किसी व्यक्ति के विशेष के खिलाफ नहीं था। वह नियुक्ति की प्रक्रिया को लेकर था। उन्होंने कहा कि जेठमलानी लगातार पार्टी के खिलाफ बोलते रहे हैं। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी के खिलाफ भी बयान दिए थे। इसलिए भाजपा उनके बयानों की निंदा करती है और यह सब पार्टी के सख्त संज्ञान में है।