सेना के बाद अब पाकिस्तान के राजनीतिक नेतृत्व ने भी भारत से रिश्ते की तल्खी को बढ़ाना शुरू कर दिया है।
पुंछ हमले के बाद द्विपक्षीय वार्ता की राह पर रोड़े हटाने के प्रयासों के बीच पाकिस्तान के उप सूचना मंत्री तारिक अजीज ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना आतंकी हाफिज सईद से कर नया विवाद पैदा कर दिया है।
भाजपा ने अजीज के इस बयान गैर जिम्मेदार बताते हुए भारत सरकार से पाकिस्तान के समक्ष कड़ा एतराज जताने की मांग की है।
माना जा रहा है कि दोनों देशों के बीच नए सिरे से द्विपक्षीय वार्ता बहाल करने की कोशिशों में अजीत का यह बयान मुश्किलें खड़ी कर सकता है।
पाकिस्तान के उप सूचना मंत्री ने एक भारतीय चैनल के कार्यक्रम में मुंबई हमले के मास्टर माइंड हाफिज सईद की तुलना मोदी से की।
उन्होंने कहा कि दोनों ही एक समुदाय विशेष के खिलाफ उग्र भाषण देते हैं। इसके अलावा मोदी भी साल 2002 के उस सांप्रदायिक दंगे के जिम्मेदार हैं, जिसमें लगभग दो हजार लोगों की हत्या हुई थी।
इस बयान पर भाजपा ने तत्काल तीखी प्रतिक्रिया जताई।
पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि चूंकि यह बयान पाकिस्तान सरकार के एक नुमाइंदे ने दिया है, इसलिए इसे महज राजनीतिक बयान कह कर खारिज नहीं किया जा सकता। उन्होंने सरकार से इस मामले में पाकिस्तान के समक्ष अपना तीखा विरोध जताने की मांग की।
नकवी ने कहा कि जिस तरह अमेरिका के लिए ओसामा बिन लादेन सबसे बड़ा गुनहगार था, वैसे ही भारत के लिए मुंबई हमले का मास्टर माइंड हाफिज सईद भी सबसे बड़ा गुनहगार है। समय आ गया है कि सईद को बिल से बाहर निकाल कर कड़ी सजा दी जानी चाहिए।