विधानसभा चुनाव की कड़वाहट को भूल शिवसेना और भाजपा नजदीक आती दिख रही हैं। बुधवार को शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के नरम रुख के बाद भाजपा ने यह कह कर अपने रुख में नरमी का संकेत किया कि उसने शिवसेना के लिए दरवाजा बंद नहीं किया है।
भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि शिवसेना खुद साथ छोड़ कर गई, जबकि उसके कोटे के मंत्री अनंत गीते अब भी सरकार में हैं। दरअसल, एग्जिट पोल में भाजपा के अपने दम पर सरकार बनाने या बहुमत के करीब रहने वहीं शिवसेना के दूसरी बड़ी ताकत बनने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
भाजपा को लगता है कि दूसरी बड़ी ताकत बनने के बावजूद शिवसेना की इज्जत तो बचेगी, मगर उसकी पुरानी हैसियत बरकरार नहीं रहेगी। ऐसे में भाजपा शिवसेना को अपनी शर्तों पर राजग में शामिल करने का दांव चलेगी।