आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर और उनकी पत्नी व सोशल एक्टिविस्ट नूतन ठाकुर ने दावा किया है कि जालसाज सपा नेता शैलेंद्र अग्रवाल के साथ जिन दो पूर्व डीजीपी के साथ पैसे के लेनदेन का खुलासा हुआ है, वे एसी जैन और एएल बनर्जी हैं। उन्होंने मंगलवार को मीडिया को जानकारी दी।
दावे के बारे में उन्होंने बताया कि दरोगा की पोस्टिंग का रेट सात लाख रुपये और प्रमोशन का 20 लाख रुपये फिक्स किया गया था। शैलेंद्र अग्रवाल ने इसके लिए एसएमएस किया। इसके जवाब में तत्कालीन डीजीपी ने एसएमएस पर सहमति दी।
अमिताभ ठाकुर का कहना है कि सात लाख का रेट एएल बनर्जी और 20 लाख का एसी शर्मा ने फिक्स किया था। अमिताभ ठाकुर ने सीएम अखिलेश यादव और डीजीपी एके जैन को पत्र लिखकर दोनों के खिलाफ गंभीर मामले के ठोस साक्ष्य मिलने के बाद कठोर कार्रवाई की मांग की है।
उधर, आगरा पुलिस शैलेंद्र अग्रवाल को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। उससे उसके अधिकारियों के साथ कनेक्शन के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक मई से जेल में बंद जालसाज शैलेंद्र अग्रवाल के दोनों अधिकारियों से रिश्ते रहे। इसका पता तब चला जब पुलिस ने सीबीआई की तकनीकी शाखा से उसके मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई और एसएमएस डिकोड करवाए।