जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक दलों के खजाने का मुंह खुलता जा रहा है।
महीने भर पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के मेकओवर पर 500 करोड़ खर्च होने की खबर पर नाक-भौं सिकोड़ने वाली भाजपा अपने चुनाव प्रचार के लिए महज विज्ञापनों पर 400 करोड़ रुपए खर्च कर सकती है।
विज्ञापन बनाने की जिम्मेदारी एडवरटाइजिंग की दुनिया की कई नामचीन शख्सियतों को सौंपे जाने की संभावना है, जिसमें मशहूर गीतकार प्रसून जोशी और मीडिया प्लानिंग से जुड़े सैम बलसारा शामिल हैं।
आम आदमी पार्टी ने भाजपा के फैसले पर सवाल भी उठाया है। आप नेता आशुतोष ने कहा है कि भाजपा चुनाव प्रचार में महज विज्ञापनों पर 400 करोड़ खर्च कर रही है। पार्टी ये बताए कि ये पैसा कहां से आया है और इसमें कितना काला धन है?
अरविंद केजरीवाल के चक्कर में कंगाल हुआ दिल्ली!
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस्तीफा देकर भले अपनी लोकसभा चुनावों की तैयारियों को बल दिया हो, लेकिन दिल्ली के लिए कई मुसीबत खड़ी कर दी।
अब तक यह चिंता सता रही थी कि राजधानी को लेकर केजरीवाल की योजनाओं और फैसलों का क्या होगा, लेकिन अब इससे भी बड़ी दिक्कत खड़ी हो गई है। दरअसल, दिल्ली अजीबोगरीब वित्तीय संकट का सामना कर रही है।
माजरा यह है कि अरविंद केजरीवाल 49 दिन दिल्ली की सरकार में रहे, लेकिन इस बीच फाइनेंशियल स्टेटमेंट (अंतरिम बजट) पारित नहीं किया गया। यह होता, इससे पहले ही आम आदमी पार्टी ने सरकार से इस्तीफा दे दिया।
चुनावों से पहले कांग्रेस का इमोशनल कार्ड
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या को 22 साल से ज्यादा वक्त गुजर चुका है, लेकिन देश की सियासत कुछ ऐसी है कि कालीन के नीचे दबा यह मामला बार-बार सामने आ जाता है।
एक बार फिर ऐसा हुआ। वजह है सुप्रीम कोर्ट का फैसला, जिसमें कहा गया कि राजीव गांधी के हत्यारों को सजा-ए-मौत नहीं दी जाएगी। यह फैसला सियासत के दिग्गजों तक पहुंचने की देर थी और तूफान खड़ा हो गया।
लोकसभा चुनावों पर निगाह टिकाए तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता तुरंत हरकत में आईं और ऐलान कर दिया कि राजीव गांधी की हत्या के दोषियों को रिहा कर दिया जाएगा। सियासी बवाल मच गया।
शक के चक्कर में हैवान बना पति
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के मोपका में मछुआरे की पत्नी। एक पत्नी जो घर से कहीं बाहर नहीं जा सकती। किसी से नहीं मिल सकती। कहीं घूम भी नहीं सकती।
और ऐसा इसलिए क्योंकि उसके दोनों पैरों में बेड़ियां हैं। उसके पति ने पैरों में जंजीर बांध कर रखी है और उसकी लंबाई बस इतनी है कि पत्नी थोड़ा बहुत चल-फिर कर घर के काम काज कर सके।
पत्नी के चरित्र पर शक के चलते पति ने उसे ऐसी हालत में पहुंचा दिया कि सुनने वाले को यकीन ही न हो कि कोई ऐसा कर सकता है।
नौकरी: डीएसएसबी में बंपर भर्ती
दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड यानी डीएसएसबी के माध्यम से दिल्ली के तीनों नगर निगमों और दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों में खाली पड़े हजारों पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
इन पदों पर निर्धारित योग्यता रखने वाले भारतीय नागरिक आवेदन कर सकते हैं। विज्ञापित पदों में सफाई नीरिक्षक, कई विषयों के लेक्चरर, फिजियोथेरेपिस्ट, वेल्डर, मकैनिक, इंस्ट्रक्टर, वायरमैन, एसिस्टेंट प्राइमरी टीचर आदि पद शामिल हैं।
जेल में सांपों से हड़कंप, अब पाले जाएंगे नेवले
मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में 175 साल पुरानी जिला जेल में वैसे तो कई खूंखार कैदी बंद हैं। लेकिन इन दिनों इन बंदियों की खौफ से नींद गायब है।
इंदौर के इस जेल में आए दिन सांप निकल रहे हैं। यहां इतने सांप निकल रहे हैं कि जेल कर्मचारी भी घबरा गए हैं। हालत यहां तक है कि इन सापों को मारने के लिए नेवलों की वेकेंसी निकलेगी।
सामान्य भाषा में कहा जाए तो जेल प्रशासन सापों की इस समस्या से निपटने के लिए नेवले पालने वाली है। ताकि जेल में आए दिन निकलने वाले इन सापों के झंझट से मुक्ति मिल सके।
फेसबुक ने खरीदा वॉट्स-ऐप
सोशल मीडिया वेबसाइट फ़ेसबुक ने कहा है कि वह वॉट्स-ऐप को 19 अरब डॉलर में ख़रीद रहा है। इसमें से तीन अरब डॉलर वॉट्स-ऐप के संस्थापकों और कर्मचारियों को दिए जाएंगे।
फ़ेसबुक का ये अब तक का सबसे बड़ा अधिग्रहण है।
वॉट्स-ऐप को हर महीने 45 करोड़ से अधिक लोग इस्तेमाल कर रहे हैं। ये उन लोगों के बीच लोकप्रिय है जो एसएमएस पर ख़र्चा करना पसंद नहीं करते हैं।
धोनी की 5 जिदों ने टीम इंडिया को डुबोया
घर के बाहर टीम इंडिया झेल रही है वनडे के साथ टेस्ट क्रिकेट में भी एक के बाद एक हार। इस पर भारत के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का तुर्रा यह है कि टीम बेहतर हो रही है।
यानी मिल रही है नाकामी ही नाकामी फिर भी न माने कप्तान धोनी। उनकी अगुवाई में भारत ने न्यूजीलैंड के हाथों उसकी ही धरती पर दो टेस्ट की सीरीज में 0-1 से गंवा दी।
पांच वनडे की सीरीज भारत मेजबान कीवियों के हाथों 0-4 से पहले ही गंवा चुका था। विदेशी धरती पर तीन बरस में 14 क्रिकेट टेस्ट में भारत को एक भी जीत नसीब नहीं हुई। आइए, जानते हैं कि धोनी की किन-किन जिद के कारण भारत को ऐसी शर्मनाक हार देखनी पड़ी है।
सोने की बिक्री के लिए दो बड़े कदम
शुद्ध सोने की बिक्री को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने दो बड़े कदम उठाए हैं। छोटे शहरों के ज्वेलरों के लिए हॉलमार्किंग की फीस में 87.5 फीसदी की कटौती कर दी गई है।
दूसरे, सरकार ने एक सिस्टम की शुरुआत की है, जिसके जरिए सोने के हरेक गहने की शुद्धता के लिए खास पहचान क्रमांक दिया जाएगा।
देश भर के ज्वेलरों के लिए हॉलमार्किंग की लाइसेंस फीस एक समान है और यह फीस 20 हजार रुपये सालाना है। अब तीन लाख से कम आबादी वाले शहरों के ज्वेलरों को तीन साल के लिए 2,500 रुपये फीस के तौर पर देना होगा।
पोस्ट ऑफिस में मिलेगी एटीएम की सर्विस
डाक विभाग अपने खाताधारकों के लिए एटीएम सेवा की शुरुआत करने जा रहा है। इसी 25 फरवरी को केंद्रीय संचार मंत्री कपिल सिब्बल दिल्ली में डाक विभाग के पहले एटीएम सेवा का उद्घाटन करेंगे।
इसके बाद यूपी, बिहार समेत देश भर के चुनिंदा डाकघरों में एटीएम सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी।
विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक दिल्ली के इंद्रप्रस्थ मुख्य डाकघर में कपिल सिब्बल व डाक विभाग की सचिव पी.गोपीनाथ की उपस्थिति में 25 फरवरी को इसकी शुरुआत करेंगे। फिलहाल पहली एटीएम सेवा का फायदा सिर्फ इंद्रप्रस्थ डाकघर के खाताधारक उठा सकेंगे।