समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह पर शब्दों के बाण चला रहे केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा के सुर अब बदले हुए नजर आ रहे हैं। अब बेनी ने मुलायम को अपना दोस्त कहा है।
मुलायम पर अपना रुख नरम करते हुए बेनी ने कहा कि मुलायम उनके पुराने मित्र हैं और भगवान करे कि वह प्रधानमंत्री बनें। वह भी उन्हें माला पहनाएंगे।
उत्तर प्रदेश के गोंडा में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम में बेनी ने ये बातें कहीं।
बेनी प्रसाद वर्मा इससे पहले तक मुलायम सिंह के खिलाफ बोलते दिख रहे थे। कुछ समय पहले उन्होंने कहा था कि मुलायम प्रधानमंत्री के ऑफिस में झाड़ू लगाने लायक भी नहीं हैं।
इसके बाद कांग्रेस पार्टी की ओर से बेनी को मुलायम के खिलाफ बोलने पर चेतावनी दी गई थी लेकिन बेनी ने चुप रहने से मना कर दिया था।
उन्होंने कहा था कि अगर मुझे मुलायम के खिलाफ बोलने से रोका गया तो वे कांग्रेस छोड़ देंगे।
इसके अलावा कार्यक्रम में बेनी ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में यूपी में कांग्रेस 80 में कम से कम 50 सीटों पर जीत हासिल करेगी और राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।