भारत-पाक के बीच सीमा विवाद कितना ही गहरा क्यों न हो, लेकिन बात जब क्रिकेट की हो तो पाकिस्तानी बल्लेबाज भारतीय बल्लों पर भरोसा करते हैं। यही वजह है कि सात पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने मेरठ से न सिर्फ विशेष बैट बनवाए, बल्कि ग्रीन कलर में ग्लब्स और पैड भी बनवाए हैं। मेरठ की बैट कंपनियों ने विदेशी कंपनियों के लिए भी बल्ले तैयार किए हैं। ये बल्ले 14 फरवरी सेआस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में शुरू हो रहे विश्वकप में धमाल मचाएंगे।
स्पोर्ट्स सिटी के नाम से जाना जाने वाला मेरठ विशेष तौर पर बैट समेत क्रिकेट सामान का उत्पादन करता है। मेरठ के क्रिकेट बैट के दीवाने विश्व विजेता कप्तान रिकी पोंटिंग से लेकर भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी और युवा क्रिकेट सितारे विराट कोहली तक हैं। सचिन तेंदुलकर भी एक दौर में मेरठ के बल्लों से धूम मचा चुके हैं। बीडीएम कंपनी के निदेशक राकेश महाजन बताते हैं कि विश्वकप के लिए उन्होंने पाकिस्तान खिलाड़ियों की डिमांड पर विशेष तौर पर बल्ले तैयार किए हैं। आस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में उछाल भरी पिचों के लिए विशेष तौर पर स्मूथ और बैलेंस बल्ले बनाए गए हैं। बैट का वजन 1180 ग्राम है। एसएस कंपनी, एसजी, बीडीएम, पीआर भी बल्ले बना रही हैं।
हर पाक खिलाड़ी के लिये तैयार हुए चार -चार बैट
राकेश महाजन ने बताया कि बीडीएम द्वारा पाक बल्लेबाज उमर अकमल, फवड आलम, असद सफीक, अनवर अली, वहद रियाज और सरफराज अहमद के लिए चार-चार बल्ले तैयार रएक हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी और इशांत शर्मा को भी उन्होंने बैट भेजे हैं।