चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में पाक खिलाड़ियों की बेहूदगी पर हॉकी इंडिया द्वारा कड़ा ऐतराज जताए जाने के बाद आखिरकार पाकिस्तान हॉकी संघ (पीएचएफ) और अंतरराष्ट्रीय हॉकी संघ (एफआईएच) को झुकना पड़ा।
शनिवार को सेमीफाइनल में भारत पर जीत के बाद पाक खिलाड़ियों ने भारतीय दर्शकों और मीडिया की तरफ अश्लील इशारे किए थे, जिसके बाद पीएचएफ ने रविवार को हॉकी इंडिया को ई-मेल भेजकर माफी मांग ली है। पाक कोच शहनाज शेख ने यह दावा किया है। हालांकि आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की जा सकी है।
वहीं शनिवार को मामले को रफा-दफा कर चुके एफआईएच को हॉकी इंडिया के दबाव और देशभर के अखबारों में हुई पाक खिलाड़ियों की थू-थू के बाद 24 घंटे से भी कम समय के भीतर अपना फैसला बदलना पड़ा। इसके तहत टूर्नामेंट की अनुशासन समिति ने जर्मनी के खिलाफ रविवार को हुए फाइनल से मोहम्मद तौसीक और अली अमजद को निलंबित कर दिया जबकि शफकत रसूल को चेतावनी भर देकर छोड़ दिया। मगर बत्रा ने साफ कहा है कि एफआईएच का कमजोर फैसला हॉकी इंडिया को मंजूर नहीं है और जब तक एफआईएच दोषी पाक खिलाड़ियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं करता तब तक एफआईएच से मान्यता प्राप्त टूर्नामेंटों का आयोजन भारत में नहीं किया जाएगा।