हिंदू धर्म में बल और बुद्धि के निधान हनुमानजी के प्रति अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की भी गहरी श्रद्धा है। वह भी बजरंगबली के सच्चे भक्तों में शामिल हैं। इतना ही नहीं, ओबामा हमेशा बजरंगबली की छोटी-सी मूर्ति को अपनी जेब में रखते हैं। जब कभी ओबामा खुद को थके हुए और हतोत्साहित महसूस करते हैं, तब उनको बजरंगबली से ताकत मिलती है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने इसका खुलासा यूट्यूब को दिए एक साक्षात्कार में किया है। ओबामा के आखिरी स्टेट ऑफ द यूनियन एड्रेस को लेकर युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए व्हाइट हाउस ने यह साक्षात्कार निर्धारित किया था। इस बीच ओबामा ने अपने लंबे राष्ट्रपति पद के सफर की यादें साझा की।
शुक्रवार को यूट्यूब क्रिएटर निल्सेन ने साक्षात्कार के दौरान ओबामा से अपने महत्वपूर्ण निजी सामानों को दिखाने के लिए कहा। इस पर उन्होंने अपनी जेबों से कई छोटी चीजें निकालीं। उनकी हर चीज अलग-अलग लोगों से मुलाकात के दौरान की यादों से जुड़ी रही है।