रेल घूस कांड में पूर्व रेलमंत्री पवन कुमार बंसल को गवाह बनाए जाने से नाराज विपक्षी पार्टी भाजपा ने सीबीआई पर आरोप लगाया कि वो पवन कुमार बंसल को बचाना चाहती है।
इसके साथ ही भाजपा ने पूर्व रेलमंत्री पवन कुमार बंसल को मुख्य आरोपी बनाने की भी मांग की है। पार्टी ने ऐलान किया है कि बंसल को मुख्य आरोपी बनाए जाने तक पार्टी के लोग चुप नहीं बैठेंगे।
पार्टी नेताओं ने बुधवार को सीबीआई निदेशक से मुलाकात कर रिश्वत कांड से संबंधित सबूत सौंपा।
चंडीगढ़ से भाजपा के पूर्व सांसद सत्यपाल जैन ने कहा कि यह बात साफ है कि इस रिश्वत कांड में जो भी वादा किया गया था, उस पर अमल पवन बंसल को ही करना था। इसलिए सीबीआई का बंसल को सिर्फ गवाह के तौर पर बुलाना गलत है, उन्हें मुख्य आरोपी बनाया जाना चाहिए।
जैन ने कहा कि सीबीआई निदेशक को बंसल और उनके भांजे विजय सिंगला के कारोबारी रिश्तों समेत कई सबूत सौंपे गए हैं।
सीबीआई निदेशक को मिलने गये प्रतिनिधिमंडल में जैन के साथ चंडीगढ़ प्रभारी आरती मेहरा व किरीट सोमैया समेत कई अन्य नेता शामिल थे।