दिल्ली हाईकोर्ट ने प्रकाश झा की फिल्म चक्रव्यूह के अपने लोकप्रिय गाने महंगाई के साथ रिलीज होने की उम्मीदें चमका दीं। गाने में जूता बनाने वाली कंपनी बाटा का जिक्र है।
न्यायमूर्ति प्रदीप नंदराजोग और न्यायमूर्ति मनमोहन सिंह की खंडपीठ ने उच्च न्यायालय की एकल पीठ के फैसले पर रोक लगा दी। एकल पीठ ने जूता निर्माण कंपनी बाटा के नाम के साथ महंगाई गाने की रिलीज पर रोक लगा दी थी।
खंडपीठ ने एकल पीठ के आदेश पर रोक लगाते हुए कहा कि फिल्म के प्रसंग में गाना अपमानजनक नहीं है। पीठ ने कहा कि फिल्म में संपत्ति की असमानता, मूल्यों और सोच की लड़ाई जैसे ज्वलंत सामाजिक मुद्दों को उठाया गया है ताकि इस पर जनचर्चा हो सके। अदालत ने कहा कि हमें नहीं लगता कि फिल्म के प्रसंग और आलोक में इसकी पंक्तियां बाटा के लिए प्रथम दृष्टतया अपमानजनक हैं।