पूर्व आईपीएस अधिकारी और भाजपा नेता किरण बेदी का कहना है कि सरकार के बिना देखे और समीक्षा किए बगैर दिल्ली गैंगरेप मामले पर बनी बीबीसी की विवादास्पद डॉक्यूमेंट्री पर प्रतिबंध लगाए जाने की जरूरत नहीं थी।
वर्ष 2012 के दिल्ली गैंगरेप पर बनी ‘इंडियाज डॉटर’ नामक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन अमेरिका में इस हफ्ते किया जाने वाला है। भारत सरकार और दिल्ली हाईकोर्ट के प्रतिबंधों के बावजूद बीबीसी इस डॉक्यूमेंट्री का प्रसारण ब्रिटेन में कर चुका है।
किरण बेदी ने एक साक्षात्कार में कहा कि यह फिल्म हमारे देश के गांवों और शहरों में प्रचलित मानसिकता का बहुत ही सटीक ढंग से बखान करती है। इन दिनों अमेरिका के दौरे पर आई पूर्व आईपीएस अधिकारी इस डॉक्यूमेंट्री को देख चुकी हैं।
उनका कहना है कि फिल्म जघन्य अपराधों खासकर महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए समग्र दृष्टिकोण की जरूरत को दिखाती है। उन्होंने कहा कि समाज के कुछ तबके के पुरुषों की संकीर्ण मानसिकता है और वे महिलाओं को एक दर्जे तक सीमित रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म पर प्रतिबंध लगाना समस्या का समाधान नहीं है।