सीबीआई उत्तर प्रदेश के बदायूं हत्याकांड मामले की चार्जशीट एक हफ्ते के भीतर दाखिल कर सकती है। मामले की जांच कर रही एजेंसी ने बुरी तरह से उलझे इस हत्याकांड को लगभग सुलझा लिया है।
सीबीआई हत्या की शिकार हुई दो नाबालिग बहनों के मामा सहित कम से कम तीन रिश्तेदारों को आरोपी बना सकती है। साथ ही स्थानीय विधायक सिनोद कुमार शाक्य को भी झूठे सबूत गढ़ने के आरोप में चार्जशीट कर सकती है।
एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक विधायक के खिलाफ तथ्यों को जांचा जा रहा है ताकि अदालत के सामने ठोस सबूत के आधार पर रखा जा सके। इस साल मई में बदायूं में दो बहनों की हत्या कर उनके शवों को आम के पेड़ से लटका दिया गया था।
एजेंसी के सूत्रों ने बताया कि चार्जशीट में उत्तर प्रदेश पुलिस की भूमिका को भी संलग्न किया जाएगा। अब तक की जांच के मुताबिक लड़कियों के एक मामा ने बड़ी बहन का मोबाइल कई दिनों तक अपने पास छुपा कर रखा।