शेर-ए-मैसूर टीपू सुल्तान की तलवार जल्द ही रामपुर लाई जाएगी। इसे मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के म्यूजियम में रखा जाएगा।
टीपू सुल्तान की तलवार देश के प्रमुख उद्योगपति विजय माल्या के पास है। माल्या ने यह तलवार कुछ साल पहले लंदन में हुई नीलामी में खरीदी थी। उन्होंने इसे जौहर विश्वविद्यालय को देने की पेशकश की है। प्रदेश के नगर विकास मंत्री और जौहर यूनिवर्सिटी के चांसलर आजम खां के मुताबिक माल्या टीपू सुल्तान की तलवार उपहार में देने वाले हैं। उनकी तरफ से सकारात्मक संदेश आए हैं।
अमर उजाला से हुई बातचीत में आजम खां ने बताया कि विजय माल्या से बातचीत को अंतिम रूप देने के बाद तलवार को रामपुर लाया जाएगा। पूरी उम्मीद है कि टीपू सुल्तान की लगभग 200 साल पुरानी ऐतिहासिक तलवार विजय माल्या उपहार स्वरूप जौहर यूनिवर्सिटी को भेंट करेंगे। इसे यूनिवर्सिटी की म्यूजियम में रखा जाएगा।
'विजय माल्या से मिले हैं सकारात्मक संदेश'
आजम खां ने कहा कि साध्वी प्राची छोटा राजन को हिंदू शेर बता रही हैं। दावा कर रही हैं कि वह पाकिस्तान में जाकर दाऊद की गर्दन पकड़ने की हिम्मत रखता है। जेल में बंद माफिया डॉन को हिंदू शेर कहना कहां तक उचित है? इस तरह के बयान से साध्वी प्राची क्या संदेश देना चाहती है?
उन्होंने बताया कि गंगा की सफाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार का रवैया ढोंग करने वाला है। गंगा की सफाई के लिए हमने ठोस योजना तैयार कर रखी है, लेकिन केंद्र सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। प्रदेश सरकार ने इस दिशा में बहुत काम किया है, लेकिन केंद्र सरकार का रवैया सकारात्मक नहीं है।
तलवार की मूठ पर है बाघ का चिह्न
टीपू सुल्तान को टाइगर ऑफ मैसूर कहा जाता था। बाघ उनका प्रतीक चिह्न था। इसलिए उनसे जुड़ी हर वस्तु पर यह चिह्न दिखाई देता है। टीपू सुल्तान की तलवार की रत्नों से बनी मूठ पर भी यह निशान दिखाई देता है।
आजम ने वाजपेयी को दी आराम की सलाह
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खां ने अलीगढ़ में देहलीगेट सांप्रदायिक तनाव के नामजद आरोपी हाजी जहीर के साथ मंच साझा करने के आरोपों को नकार दिया है।
उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी पर पलटवार करते हुए कहा कि वाजपेयी जी हत्यारों को जानते होंगे। उनके संपर्क में होंगे। मैं तो वहां बच्चे की खुशी के कार्यक्रम में गया था। हां, विधायक जी जरूर मेरे साथ बैठे थे।
धरना-प्रदर्शन के सवाल पर उन्होंने कहा कि वाजपेयी जी की हड्डी-पसली तो टूटी हुई है, पट्टी बंधी हुई है। ऐसे में उनको मेरी यह सलाह है कि वे आराम करें।
गौरतलब हो कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने आरोप लगाया है कि अलीगढ़ में आयोजित एक निजी कार्यक्रम के दौरान आजम खां के बगल में एक हत्यारोपी भी बैठा हुआ था। उन्होंने इसके विरोध में 25 नवंबर से एक सप्ताह तक कलेक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन करने का एलान भी किया है।