कैबिनेट मंत्री आजम खां ने कहा, ‘मैं गाय, गंगा के संरक्षण की बात करता हूं। इंसानियत की बात करता हूं, क्या यही मेरा देशद्रोह है। इंसानियत के दुश्मन मुझसे जलते हैं, इसलिए मुझ पर इल्जाम लगाए जाते हैं'।
वे बोले, 'यह देश नानक, कबीर, राम, रहीम, अकबर, जोधाबाई का है। लोग मुझसे कहते हैं कि पाकिस्तान चले जाओ। हमने रामपुर में बेटियों को पढ़ने के लिए विश्वविद्यालय बनवाया, क्या उसे लेकर पाकिस्तान चले जाएं’।
मुक्तिपथ पर बायोमॉस गैस संयंत्र का अवलोकन करने के पश्चात सभा में प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए बोले, ‘हमारे देश का बादशाह विदेशों में अपने देशवासियों की सही तस्वीर नहीं रखता, ऐसे में कौन सा देश यहां उद्योग लगाएगा’।
उन्होंने कहा कि जिस दिन प्रधानमंत्री का फरमान होगा कि विदेश को मांस का निर्यात नहीं किया जाएगा, उसी दिन सभी स्लाटर हाउस बंद हो जाएंगे।
आमिर खान का किया समर्थन
अभिनेता आमिर खान के असहिष्णुता के बयान पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उनकी पत्नी किरन ने अपनी व्यथा पति से कही, मगर उनकी व्यथा सुनने के बजाय उन्हें सांप्रदायिक बना दिया गया। गाली वो हिंदू बेटी नहीं बल्कि उसका पति सुन रहा है।
सभा में विधायक राजेश त्रिपाठी ने लोगों का आभार जताया और बताया कि मुक्तिपथ बनाने में जनता ने 12 करोड़ रुपये का सहयोग दिया।
उन्होंने इस मौके पर कैबिनेट मंत्री के समक्ष बड़हलगंज नगर पंचायत को नगर पालिका बनाने, हाटा व उरुवा को नगर पंचायत का दर्जा देने, पुल पर लोहे की जाली लगवाने, निर्माणाधीन नाले पर सीवर ट्रीटमेंट प्लांट लगवाने, मुक्तिपथ को नगर पंचायत को सौंपने, धुरियापार में चीनी मिल चलवाने और एम्स स्थापित करने सहित तमाम मांगे रखीं।
इसके अलावा चेयरमैन सूरज जायसवाल ने जामा मस्जिद, पांच छोटी मस्जिद, कब्रिस्तान का निर्माण, नगर पंचायत को नगर पालिका बनाने, कम्युनिटी हाल के निर्माण, 228 आसरा आवास की मंजूरी के बाद धन उपलब्ध कराने, नगर पंचायत कार्यालय, निकाह घर व दस घाटों का निर्माण कराने की मांग की।