उत्तर प्रदेश के बिजनौर में समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने एक और विवादित बयान दिया है। यहां एक चुनावी रैली में खान ने शुक्रवार को कहा कि अल्लाह ने कांग्रेस नेता स्वर्गीय संजय गांधी और उनके भाई और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी को उनके कर्मों की सजा दी थी। संजय को आपातकाल के दौरान जबरदस्ती नसबंदी कराने और राजीव को अयोध्या के विवादित स्थल पर शिलान्यास कराने की सजा मिली।
आजम ने कहा कि राजीव गांधी ने बाबरी मस्जिद का दरवाजा खोलने का आदेश दिया जबकि संजय गांधी ने पुरुष नसबंदी का कार्यक्रम चलाया और दोनों को अल्लाह ने दंडित किया। गौरतलब है कि संजय गांधी की 1980 में दिल्ली में एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी जबकि राजीव गांधी की 21 मई 1991 को पेरंबदूर में हत्या कर दी गई थी।
रैली में आजम ने कहा कि मुस्लिम समुदाय के वोट में बंटवारा अल्पसंख्यक समुदाय के लिए घातक होगा। उन्होंने कहा कि अगर आपका वोट बंटता है तो यह आपके लिए घातक होगा। यह चुनाव केवल एक चुनाव नहीं है बल्कि एक युद्ध है जिसे हमें फासीवादी ताकतों के खिलाफ जीतना है। आजम ने भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की शादी के संदर्भ में उन्होंने कहा कि जो इंसान अपनी पत्नी के साथ नहीं रह सकता वह कैसे देश के साथ रहेगा।