फिल्मों में सफलता के झंडे गाड़ने के बाद बच्चन परिवार अब खेल के मैदान पर भी दांव लगाने जा रहा है।
विज्ञापन
बड़े बच्चन यानी अमिताभ बच्चन पहले भी कई बार ट्वीटर के जरिए अपने खेल के शौक के बारे में बता चुके हैं। वह क्रिकेट हो, बॉक्सिंग हो, हॉकी हो या फुटबॉल सभी पर अपनी राय जाहिर करते रहे हैं।
पिछले हफ्ते रविवार को ढाका में खत्म हुए टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की हार के बाद भी 'बिग बी' ने भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की तारीफ की थी। अपने पापा से एक कदम आगे बढ़ते हुए अभिनेता अभिषेक बच्चन ने खेल के मैदान पर अपना दांव लगा दिया है।
विज्ञापन
क्रिकेट, फु्टबॉल, टेनिस, हॉकी के बाद अब कबड्डी
भारत में लंबे समय से फिल्म और क्रिकेट के बीच अटूट संबंध रहा है। साथ ही दोनों क्षेत्रों से जुड़ी हस्तियों के बीच अफेयर के काफी चर्चे भी सामने आते रहे हैं।
हालांकि पिछले एक दशक में सिनेमा जगत से जुड़ी हस्तियों ने खेलों की ओर रूख करना शुरू कर दिया है। पहले क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल और टेनिस के बाद अब कबड्डी जैसे खेलों पर अपना दिल लगाना शुरू कर दिया है।
अभिषेक बच्चन ने खेल प्रशंसकों को चौंकाते हुए देश के ग्रामीण इलाकों में खासे लोकप्रिय कबड्डी को प्रोमोट करने के लिए आईपीएल आधारित प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) की एक फ्रेंचाइजी खरीद ली है।
छोटे बच्चन ने भी खेल के मैदान पर लगाया पैसा
एक दशक से रुपहले पर्दे पर दर्शकों का मनोरंजन करने वाले अभिषेक बच्चन ने प्रो कबड्डी लीग में जयपुर की फ्रेंचाइजी खरीदी है। हालांकि इसे खरीदने के लिए कितना पैसा खर्च किया गया है इसका खुलासा नहीं किया गया। यह टूर्नामेंट इस साल जुलाई-अगस्त में खेला जाएगा।
उद्योगपति आनंद महिंद्रा और कमेंट्रेटर चारू शर्मा की संयुक्त फर्म माशल स्पोटर्स इस लीग की शुरुआत कर रही है। आठ शहरों पर आधारित यह टूर्नामेंट घर और बाहर दोनों जगह खेला जाएगा।
कबड्डी टीम के मालिक बनने के बाद जूनियर बच्चन ने कहा, "यह बड़े ही सम्मान का मामला है। एक साल पहले चारू ने प्रो कबड्डी के लिए मुझसे मुलाकात की थी। इसने मुझे काफी उत्साहित किया। यह सस्ता खेल है लेकिन योग्यता की बहुत जरूरत होती है।" शाहरुख खान और जॉन अब्राहम के बाद खेल जगत में फ्रेंचाइजी टीम खरीदने वालों में अभिषेक का नाम भी जुड़ गया है।
जयपुर टीम के मालिक बने अभिषेक बच्चन
आठ टीमों पर आधारित इस टूर्नामेंट में जयपुर टीम के मालिक अभिषेक बच्चन हैं तो रुनी स्कूवाला ने मुंबई टीम की फ्रेंचाइजी खरीदी है। यह टूर्नामेंट 26 जुलाई से 31 अगस्त तक खेला जाएगा जिसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोटर्स चैनल पर होगा।
किशोर बियानी की फ्यूचर्स ग्रुप ने कोलकाता, कोटक महिंद्रा एंड उदय कोटक ने पुणे, यस बैंक के एमडी और सीईओ राणा कपूर ने दिल्ली की टीम खरीदी है।
अन्य टीमों के मालिक हैं कोर ग्रीन ग्रुप (विजग) और कालापति इंवेस्टमेंट (चेन्नई)। हालांकि बंगलूर की फ्रेंचाइजी टीम के बारे में अभी फैसला नहीं हो सकता है। इसके बारे में कुछ दिन में पता चल पाएगा।
इस महात्वाकांक्षी टूर्नामेंट को अंतरराष्ट्रीय कबड्डी फेडरेशन, एशियाई कबड्डी फेडरेशन और भारत की एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन का संरक्षण प्राप्त है।
टूर्नामेंट के सभी मैच आठ शहरों के इंडोर स्टेडियम में खेले जाएंगे। खिलाड़ियों की नीलामी 7 से 19 जून तक होगी, जिसमें 72 भारत के और 28 विदेशी खिलाड़ी हांगे। पाकिस्तान के खिलाड़ियों के भी नीलामी में शामिल होने की संभावना है।
भारत और पाकिस्तान के अलावा इटली, कनाडा, बांग्लादेश, जापान, नेपाल, मलेशिया और श्रीलंका समेत कई देशों के खिलाड़ी नीलामी में शामिल होंगे।