जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट में फर्जीवाड़े को लेकर जांच का सामना कर रही लुईस खुर्शीद के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। मैनपुरी पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या की कोशिश, लूट और डकैती का केस दर्ज किया है।
अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की शिकायत पर मैनपुरी पुलिस ने यह मामला दर्ज किया है। उन्होंने शिकायत में कहा है कि लुईस ने ट्रस्ट के फर्जीवाड़े के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे विकलांगों पर बुधवार को गाड़ी चढ़वा कर न केवल निहत्थे और असहाय प्रदर्शनकारियों की हत्या की कोशिश की, बल्कि कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की मदद से उनके साथ लूटपाट भी की।
एसपी शलभ माथुर ने बताया कि लुईस और 10 अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आप पार्टी के जिला अध्यक्ष विवेक यादव ने इस बारे में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बुधवार को जब लुईस जिला अस्पताल में नेत्र चिकित्सा शिविर का उद्घाटन करने आईं थी तो आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें काला झंडा दिखाया।
रिपोर्ट के मुताबिक काले झंडे दिखाने पर लुईस बेहद नाराज हो गईं, इस पर उनके समर्थकों ने कथित तौर पर यादव की पिटाई कर दी। यादव की तरफ से दिए गए बयान में कहा गया है कि लुईस के इशारे पर ही कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया और उनका मोबाइल भी छीन लिया।