यूपी में सत्ताधारी विधायक की चोरी गई गाड़ी की बरामदगी के लिए पुलिस ने बर्बरता की सारी हदें लांघ दीं। गाड़ी की बरामदगी के लिए पुलिस ने एक युवक पर जमकर जुल्म ढाया। पहले उसे चंदपा थाने ले जाकर जमकर टॉर्चर किया। उसे पेड़ पर उल्टा लटका कर पीटा जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने युवक को जिला अस्पताल में दाखिल कराया है।
पिछले दिनों सत्ताधारी विधायक देवेंद्र अग्रवाल की बोलेरो जीप, उनके पैतृक गांव बिसाना से चोरी हो गई थी। चोरी की रिपोर्ट अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कराई गई थी। मामला चूंकिसत्ताधारी विधायक की गाड़ी चोरी होने का था, इसलिए पुलिस आनन-फानन हरकत में आ गई।
सलीम उर्फ नेहना पुत्र बाबू खां निवासी बिसाना थाना चंदपा का आरोप है कि वह बीए तृतीय वर्ष का छात्र है। 4 फरवरी को वह जब क्रिकेट खेल रहा था तो उसे थाना चंदपा की जीप में आए पुलिसकर्मी मारते-पीटते ले गए। थाने में उसे गालियां देकर मारना-पीटना शुरू कर दिया और यह कहा कि वह रामवीर उपाध्याय को वोट दिलवाता है और बिस्तर लगाता है। उसके बाद धमकी देकर उसे लॉकअप में बंद कर दिया।