हिंदी फिल्मों के जाने-माने हास्य अभिनेता असरानी ने भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा है कि भाजपा देश को 18वीं सदी में ले जाना चाहती है, जबकि कांग्रेस वक्त के साथ चल रही है।
शुक्रवार की शाम एक चुनावी रैली में असरानी ने कहा कि गुजरात मॉडल से दंगों की बदबू आ रही है। यह नफरत का मॉडल है, जिसने 2000 लोगों की जान ले ली।
असरानी ने कहा कि कांग्रेस मॉडल ने 83 फ्लैगशिप कार्यक्रम दिए हैं और इनसे बड़ी तादाद में गरीबी रेखा से नीचे जिंदगी बसर कर रहे लोगों को खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लाया गया है।
कांग्रेस और राहुल गांधी की तारीफ
हिंदी और गुजराती फिल्मों में काम कर चुके पचहत्तर वर्षीय हास्य अभिनेता ने कहा कि कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी इस देश के नौजवानों के लिए काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा को सिर्फ बिखराव को उकसाना आता है। अगर मोदी सत्ता में आते हैं तो वह आपका खून चूस लेंगे। कांग्रेस ही एक पार्टी है, जिसका हाथ आम लोगों के साथ है।
'मोदी के खिलाफ देशभर में एक विपरीत माहौल'
वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) का मानना है कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के खिलाफ देशभर में अंदर ही अंदर एक विपरीत माहौल है। लिहाजा भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव के बाद सरकार नहीं बना पाएगी।
पार्टी के मुताबिक चुनाव में मोदी के पक्ष में कोई मजबूत जनाधार आता नहीं दिख रहा है। राकांपा के प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि कांग्रेस नीत यूपीए क्षेत्रीय और धर्मनिरपेक्ष विचारधारा वाले दलों के साथ केंद्र में दोबारा सरकार बनाने में कामयाब हो जाएगा।
तीसरी बार भी बनेगी यूपीए की सरकार
मलिक ने कहा कि भाजपा का प्रचार अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की तर्ज पर गतिमान है। यह हमारी संसदीय प्रणाली से काफी अलग है। मोदी को प्रधानमंत्री के उम्मीदवार के रूप में आगे लाकर भी भाजपा सरकार बनाने का 272 का जादुई आंकड़ा छू नहीं पाएगी।
भाजपा के 272 सीट जीतने के दावे को दरकिनार करते हुए उन्होंने कहा कि आम चुनाव में खंडित जनादेश आएगा। मोदी के खिलाफ देशभर में अंदर ही अंदर एक विपरीत माहौल है। जो भाजपा को सत्ता से दूर रखेगा। मलिक ने कहा कि यूपीए तीसरी बार क्षेत्रीय और धर्मनिरपेक्ष विचारधारा वाले दलों के साथ मिलकर सरकार बनाने में सफल होगा।