दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में अज्ञात आतंकिवादियों ने शुक्रवार को दिनदहाडे़ गोलीबारी कर एएसआई की हत्या कर दी। हत्या के बाद आतंकी घटना स्थल से फरार हो गए।
वारदात के बाद तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन देर रात तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा। देर शाम एक स्थानीय न्यूज चैनल को फोन कर आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन ने वारदात को अंजाम देने की जिम्मेदारी ली। श्रीनगर में सचिवालय खुलने के बाद यह पहली आतंकी घटना है।
पुलवामा के एसपी अमित कुमार ने बताया कि बटमालू (श्रीनगर) निवासी एएसआई फारूक अहमद शेख शुक्रवार दोपहर राजपोरा चौक पर जुमे की नमाज के दौरान मस्जिद के बाहर ड्यूटी पर तैनात थे।
नमाज खत्म होते ही शेख पर अज्ञात आतंकियों ने नजदीक से गोलियां चला दीं। इसके बाद वहां अफरातफरी मच गई। भीड़ का लाभ उठाते हुए हमलावर आतंकी भाग निकले।
गोलियां एएसआई के सिर में लगीं और गंभीर हालत में उसे पुलवामा के जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने एएसआई को मृत लाया घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। लेकिन देर शाम तक हमले में शामिल आतंकियों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
गौरतलब है कि इससे पूर्व आतंकी 27 अप्रैल को बारामूला जिले के सोपोर इलाके में चार पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी।