अरविंद केजरीवाल वाराणसी में मोदी से भिड़ेंगे या नहीं? ये सवाल तभी से उठने लगा था जब से मोदी को टिकट पर मुहर लगी थी।
अब सस्पेंस पर से पर्दा उठवे लगा है। माना जा रहा है कि केजरीवाल, नरेंद्र मोदी को चुनौती दे सकते हैं। हालांकि, अभी तक पार्टी की तरफ से कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
माना जा रहा है कि केजरीवाल आज शाम तक इसकी घोषणा करने वाले हैं। आप कार्यकर्ताओं से 23 मार्च को यूपी में होने वाली केजरीवाल की रैली में पहुंचने को कहा गया है।
गुजरात के सीएम नरेंद्र मोदी के वाराणसी से और यहां के वर्तमान सांसद मुरली मनोहर जोशी के कानपुर से चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद से तमाम अटकलें लगाई जा रही हैं।
हाल ही में अपने गुजरात दौरे में केजरीवाल ने मोदी पर भ्रष्टाचार और अव्यवस्था को लेकर हमला बोला था।
केजरीवाल की कानपुर रैली के दौरान पार्टी ने इसके संकेत दे दिए थे कि अगर मोदी वाराणसी से चुनाव लड़ते हैं तो केजरीवाल उन्हें टक्कर देंगे।
चुनाव प्रचार के दौरान केजरीवाल मोदी के उद्योगपतियों से संबंधों को लेकर सवाल उठाते रहे हैं।