दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को ऑटो चालकों की महासभा में भले ही बच्चों की कसम खिलाकर ईमानदारी से काम करने की नसीहत दी हो।
बिजली के मुद्दे पर अनिल अंबानी को ‘ईमानदारी से काम करने और जनता की सेवा करने को कहा हो लेकिन खुद केजरीवाल की ये महासभा सरकारी खर्च पर हुई।
अखबार इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की बुराड़ी रैली के सारे इंतजाम दिल्ली परिवहन विभाग ने किए।
कुर्सियों से लेकर पानी तक सरकारी खर्च पर!
केजरीवाल की ऑटो महासभा रैली आयोजित करवाने वालों ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि रैली के सारे खर्चे परिवहन विभाग ने वहन किए हैं।
अरविंद केजरीवाल के मीडिया एडवाइजर नागेंद्र शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि ऑटो महासभा रैली को परिवहन विभाग ने आयोजित कराया था।
परिवहन विभाग ने ही सरकारी खर्चे पर रैली के इंतजाम किए। रैलियों में कुर्सी से लेकर, पानी और साउंड की व्यवस्था तक परिवहन विभाग ने की। आप के युवा नेता सौरभ भारद्वाज दिल्ली सरकार में परिवहन मंत्री हैं।
महासभा में ऑटो चालकों से ज्यादा आप कार्यकर्ता
दिल्ली के ऑटो-टैक्सी ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष किशन वर्मा ने बताया कि केजरीवाल की इस रैली का ऑटो-टैक्सी चालकों ने बहिष्कार किया था।
किशन वर्मा ने कहा कि केजरीवाल की ये रैली एक राजनैतिक रैली थी। किशन ने कहा कि केजरीवाल की इस ऑटो महासभा रैली में ऑटो-टैक्सी चालकों से ज्यादा आप के कार्यकर्ता मौजूद थे।
कुछ नहीं किया केजरीवाल ने
दिल्ली के ऑटो-टैक्सी ट्रांसपोर्ट यूनियन अध्यक्ष किशन वर्मा ने केजरीवाल पर आरोप लगाए कि ऑटो ड्राइवरों की समस्याओं को लेकर उन्होंने कुछ नहीं किया। उन्होंने चुनावों से पहले ऑटो-टैक्सी ड्राइवरों से किए किसी वादे को पूरा नहीं किया।
अरविंद केजरीवाल से नाराज ऑटो-टैक्सी ट्रांसपोर्ट यूनियन के सचिव राजेंद्र सोनी ने कहा कि केजरीवाल की ओर से दिल्ली पुलिस को किसी तरह का कोई लिखित में आदेश नहीं दिया गया।
आज भी दिल्ली पुलिस धड़ल्ले से हमारे वाहनों को सीज़ कर रही है। इसलिए हमने केजरीवाल की इस रैली का बहिष्कार किया।
केजरीवाल ने ऑटो ड्राइवरों को दी थी सीख
ऑटो ड्राइवरों की महासभा में केजरीवाल ने कहा कि आपको अपने बच्चों की कसम खानी है कि आप सवारियों से बदतमीजी नहीं करेंगे और ना ही उनसे ज्यादा पैसे वसूलेंगे।
केजरीवाल ने कहा कि ऑटो वाले महिलाओं के साथ अदब से पेश आएं। इसके साथ ही केजरीवाल ने कहा कि जब आप घर लौट रहे हों तो आप घर जाने वाले स्थान की तख्ती लगा लें, जिससे आप पर कोई केस ना कर पाए।