समाजसेवी से नेता बने अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों से 5 मई तक आवेदन मांगे हैं। इसके बाद चयन की प्रक्रिया शुरू होगी।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनीष सिसौदिया ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता गली और मोहल्लों में घूमकर लोगों की राय जानेंगे। जिन आवेदकों का रिकॉर्ड खराब होगा, उन्हें बाहर कर दिया जाएगा।
पार्टी की ओर से दिल्ली के तीन लाख लोगों से मेल पर बेहतर उम्मीदवारों के नाम भी मांगे गए हैं। पार्टी दो माह के भीतर पार्टी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर देगी।
ये होगी चयन प्रक्रिया
- किसी भी विधानसभा के 100 मतदाता किसी प्रत्याशी का नाम प्रस्तावित कर सकते हैं या प्रत्याशी खुद 100 मतदाताओं के अनुमोदन से फॉर्म भर सकता है।
- फॉर्म पार्टी की वेबसाइट या 272 कार्यालयों से प्राप्त किया जा सकता है, जो रविवार को छोड़कर 10 से 5 बजे के बीच कौशांबी स्थित पार्टी मुख्यालय में जमा होगा।
- लंबी तहकीकात के बाद पांच सदस्यों की स्क्रीनिंग कमेटी पांच मई से हर विधानसभा से पांच लोगों को शॉर्ट लिस्ट करेगी। 15 दिन तक इनके बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। फिर संबंधित विधानसभा के विशेष सक्रिय सदस्यों से इनके बारे में प्रेफरेंशियल वोटिंग कराई जाएगी। नतीजे पार्टी की राजनीतिक मामलों की कमेटी के सामने जाएंगे।
- शॉर्ट लिस्ट किए गए सभी लोगों से कमेटी मुलाकात करेगी। इसके बाद उम्मीदवार का नाम तय किया जाएगा।
- एक ही परिवार के दो सदस्यों को उम्मीदवार नहीं बनाया जाएगा।
उम्मीदवार देगा शपथ पत्र
चुनाव जीतने के बाद
- लाल बत्ती की गाड़ी नहीं लूंगा।
- अनावश्यक सुरक्षा इंतजाम नहीं लूंगा।
- बड़े बंगले की जगह सामान्य घर में रहूंगा।
- स्वराज की दिशा में काम करूंगा।
- जनलोकपाल कानून जल्द पारित कराने की कोशिश करूंगा।
- लोगों की मंजूरी के बिना जमीन छीनने की ताकत सरकार से वापस लूंगा।