बिहार में चुनाव नजदीक आते ही सियासी पारा एकदम चढ़ा हुआ है तो सूबे की समाजवादी पार्टी के सामने बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई है। बिहार समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष रामचंद्र यादव की गिरफ्तारी का पुलिस ने आदेश जारी कर दिया है। रामचंद्र किसी भी वक्त गिरफ्तार किए जा सकते हैं। गिफ्तारी की तलवार रामचंद्र के पीए राजेश पर भी लटक रही है।
रामचंद्र यादव पर टिकट देने के बदले 10 लाख रुपए लेने का आरोप है। जांच में पुलिस ने टिकट के लिए पैसे लेने की बात सही मानी है। पुलिस लगातार रामचंद्र को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।
रामचंद्र के अलावा बाहुबली विधायक सुरेंद्र यादव की गिरफ्तारी का भी आदेश जारी किया गया है। सुरेंद्र यादव के खिलाफ ठेकेदार से रंगदारी वसूलने का आरोप है, जिसे पुलिस ने जांच में सही ठहराया है। फिलहाल सुरेंद्र यादव फरार हैं।