एक पखवाड़े के भीतर जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन में आत्महत्या की दूसरी घटना देखने को मिली है। कुछ दिन पहले एक महिला स्क्वाड्रन लीडर ने खुदकुशी कर ली थी।
अब रविवार को कानपुर निवासी 24 वर्षीय राहुल सिंह का शव उनके बैरेक में पंखे से लटका मिला। एसएचओ सुगन सिंह के अनुसार यह कथित तौर पर आत्महत्या का ही मामला है। राहुल की पोस्टिंग पिछले साल ही जोधपुर स्टेशन में हुई थी।
पुलिस ने बताया कि घटना स्थल से कोई सुइसाइड नोट नहीं मिला है और उसके परिवार को इस बारे में सूचित कर दिया है। सुगन सिंह ने कहा, ‘यह साफतौर पर खुदकुशी का मामला है। हमने केस दर्ज कर मामले की जांच करनी शुरू कर दी है।’
वायुसेना ने भी घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। सेना प्रवक्ता एसडी गोस्वामी ने कहा, ‘तुरंत प्रभाव से कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं। जहां तक पुलिस जांच का सवाल है, तो हम उन्हें पूरा सहयोग करेंगे।’ बीते 28 नवंबर को स्क्वाड्रन लीडर अनंदिता दास ने भी अपने निवास में खुदकुशी कर ली थी। उनका शव भी पंखे से लटका मिला था।