ओडिशा में पिछले दो महीनों के दौरान नाबालिग स्कूली छात्रा के गर्भवती होने की तीसरी घटना सामने आई है। सरकारी हॉस्टल में रहने वाली 15 वर्षीय आदिवासी छात्रा के गर्भवती होने की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने हॉस्टल सुप्रिंटेडेंट को निलंबित कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आदिवासी बहुल मलकानगिरी जिले के जिला अधिकारी प्रशांत रेड्डी ने बताया कि आदिवासी छात्रा स्कूल और जनशिक्षा विभाग द्वारा संचालित गवर्नमेंट हाईस्कूल में नौवीं की छात्रा है और पेडाकोंडा गांव में बने एक सरकारी हॉस्टल में रहती है। हॉस्टल राज्य सरकार का अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास विभाग चलाता है।
उन्होंने कहा कि मामले के सामने आने के बाद हॉस्टल सुप्रिंटेडेंट सबिता रानी सरकार को निलंबित कर दिया गया है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मामले में स्कूल के हेडमास्टर प्रशांत कुमार पांडा के खिलाफ लापरवाही बरतने के आरोप में विभागीय कार्यवाई के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि लड़की छुट्टियों में अपने घर गई थी वहां किसी लड़के के साथ उसके संबंध बन गए। पुलिस लड़के से पूछताछ कर रही है। पिछले दो महीनों के दौरान कोरापुट में तीन और कंधमाल जिले में एक नाबालिग छात्रा के गर्भवती होने का मामला सामने आया था।