मिस्ड कॉल के जरिये सदस्यता अभियान चला रही भाजपा इन दिनों परेशानियों से जूझ रही है। बीते 29 अप्रैल तक करीब 6.5 करोड़ लोगों ने सदस्यता के लिए उपलब्ध कराए गए टोल फ्री नंबर पर मिस कॉल तो दिए, मगर सदस्यता लेने में दिलचस्पी नहीं दिखाई।
इसे देखते हुए भाजपा ने 31 मार्च को खत्म हो रहे सदस्यता अभियान को एक महीने के लिए आगे बढ़ा दिया है। उल्लेखनीय है कि इस समय पार्टी के सदस्यों की संख्या नौ करोड़ के आसपास पहुंच गई है। जबकि सदस्यता के लिए आए मिस्ड कॉल की संख्या 15 करोड़ से ज्यादा है।
दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनने का सपना संजोए भाजपा अपने सदस्यता अभियान को लेकर नए सिरे से सक्रिय हुई है। शाह ने निर्देश दिया है कि अगले एक महीने में लोकसभा में पार्टी के पक्ष में मतदान करने वाले 17.3 करोड़ मतदाताओं में से ज्यादातर लोगों से संपर्क साधा जाए।