वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनिल कुमार सिन्हा को मंगलवार रात में नया सीबीआई निदेशक नियुक्त किया गया।
अनिल मंगलवार को ही इस पद से रिटायर हुए रंजीत सिन्हा की जगह लेंगे। 1979 बैच के बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी सिन्हा सीबीआई में विशेष निदेशक थे। सिन्हा की नियुक्ति लोकपाल कानून के तहत की गई है। उन्हें दो साल के लिए निदेशक बनाया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने अनिल कुमार सिन्हा के नाम को मंजूरी दी थी। मंगलवार शाम को खोज समिति (सर्च कमेटी) ने उनके साथ कुछ अन्य लोगों के नाम का छांटा था। सिन्हा का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने के दिन से दो साल के लिए होगा।
इससे पहले लोकपाल कानून के प्रावधानों के तहत पीएम मोदी ने सर्वोच्च अदालत के मुख्य न्यायाधीश एचएल दत्तू और लोकसभा में बड़े विरोधी दल कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ नए सीबीआई प्रमुख को चुनने पर विचार विमर्श किया। पैनल ने कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) द्वारा चुने गए 40 नामों पर विचार विमर्श किया था।