चर्चित सीरियल कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) में धार्मिक ग्रंथ कुरान को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में अमिताभ बच्चन के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। इस मामले में 23 जनवरी को सुनवाई होगी।
झांसी के मुदसिर उल्ला खान की ओर से दाखिल याचिका में कहा गया है कि केबीसी में एक एपिसोड में फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट के दौरान अमिताभ बच्चन ने कुरान के रचयिता का जिक्र किया था, जिससे धार्मिक भावना को ठेस पहुंची है। मुदसिर उल्ला खान ने कुरान के संबंध में बताया कि न तो कुरान लिखा गया है और न ही रचित है, बल्कि यह अवतरित हुआ है और अल्लाह द्वारा नाजिल किया है। याचिकाकर्ता ने अमिताभ पर कुरान को जानबूझकर रचा हुआ बताकर इस पवित्र ग्रंथ का अपमान करने का आरोप लगाया है।
याचिकाकर्ता ने इस मामले में पहले भी याचिका डाली थी, जिसे झांसी की स्थानीय अदालत ने 21 मई 2012 को खारिज कर दिया था। इसके बाद याचिका दोबारा दाखिल की गई, जिसे सेशन जज ने 26 अक्टूबर 2012 को खारिज कर दिया। आदेश के विरुद्ध फिर से याचिका दाखिल की गई। कोर्ट ने अमिताभ और सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के खिलाफ मामला पंजीकृत करते हुए 23 जनवरी को वादी के बयान लेने का निर्देश दिया है।