बिहार की जंग अभी समाप्त भी नहीं हुई है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की तृणमूल कांगेस से पार पाने संबंधी ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया है।
बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम के दिन 8 नवंबर को आयोजित पत्रकार वार्ता से ही शाह लोकतंत्र बचाओ, ममता भगाओ के हुंकार के साथ पश्चिम बंगाल की सियासी लड़ाई की शुरूआत कर देंगे।
बताया जा रहा है कि ममता सरकार के प्रशासनिक अक्षमता को सामने रखते हुए भाजपा उनके खिलाफ जनभावना बनाएगी। इसके अलावा नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जरिए वह अपनी राष्ट्रवादी छवि के साथ राज्य के लोगों की भावना भुनाएगी।
नेताजी के पूरे परिवार के साथ बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की होने वाली मुलाकात को इस कवायद का ही हिस्सा माना जा रहा है।