मौजूदा समय में अमित शाह गुजरात के सबसे विवादास्पद शख्सियत हैं। गैंगस्टर सोहराबुद्दीन शेख की फर्जी मुठभेड़ में हत्या के आरोप में शाह को जेल भी जाना पड़ा है। इन सबके बावजूद शाह गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे विश्वस्त व्यक्ति हैं। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में शाह को नारायणपुरा से टिकट दी है। शाह को पूर्व भाजपाई और कांग्रेस प्रत्याशी जीतू भाई पटेल से कड़ी टक्कर मिल रही है।
इस सीट पर कुल 23 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं लेकिन सीधा मुकाबला शाह और पटेल के बीच ही माना जा रहा है। 2.13 लाख वोटर वाली विधानसभा क्षेत्र में दोनों ही जातियों का वर्चस्व है। हत्या, रंगदारी, अपहरण समेत पांच मामलों में जेल में बंद रहे शाह करीब दो साल बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश के चलते सितंबर में गुजरात में प्रवेश कर सके।
शाह पर सोहराबुद्दीन और उसकी पत्नी कौसर बाई तथा अहम गवाह तुलसीराम प्रजापति को फर्जी मुठभेड़ में मार गिरवाने के आरोप हैं। इसके अलावा शाह पर राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर रंगदारी रैकेट के संचालन का भी आरोप है। इसके बावजूद इलाके के कई मतदाता उन्हें अपने रक्षक के रूप में देखते हैं। मतदाताओं का कहना है कि सोहराबुद्दीन एक आतंकी था और उसे पुलिस ने मारकर कोई गलत काम नहीं किया।