अमेरिका कुछ साल पहले तक नरेंद्र मोदी को वीजा देने से मना करता रहा, लेकिन अब वही मोदी अमेरिकी मीडिया में फैशन के एक नए प्रतीक के तौर पर उभरे हैं।
उनके नेतृत्व में लड़े गए लोकसभा चुनाव में बीजेपी को मिली शानदार जीत के बाद अमेरिका के तीन बड़े प्रकाशनों टाइम, न्यूयॉर्क टाइम्स और वाशिंगटन पोस्ट ने भारत के नए प्रधानमंत्री के पहनावे की सराहना की है।
अमेरिकी अखबारों ने परंपरागत मोदी कुर्ते का विस्तार से जिक्र किया है।
जैसा पहनते हैं वैसा ही बोलते हैं मोदी
न्यूयॉर्क टाइम्स ने ‘अ लीडर हू इज व्हाट ही वियर्स’ शीर्षक से लेख में कहा कि मिशेल ओबामा के ड्रेस सेंस, चुनाव से पहले फ्रांस्वा ओलांद, डेल्मा रूसेफ की परिधान शैली और नेल्सन मंडेला की खूबसूरत कमीजों को लेकर दुनिया भर के ब्लॉग्स पर काफी चर्चा हुई।
अब भारत के नए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनका स्टाइल अध्ययन का विषय है। वाशिंगटन पोस्ट ने भी मोदी के ड्रेसिंग स्टाइल की प्रशंसा की है। अखबार ने कहा, ‘मिशेल ओबामा की जगह दुनिया को अब एक नया फैशन आइकन मिल गया है।
भारत के शायद ही किसी नेता में ड्रेसिंग सेंस है
अपनी फिटनेस के बावजूद यह व्लादिमीर पुतिन नहीं बल्कि भारत के नए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।’ टाइम पत्रिका ने मोदी की शैली के बारे में कहा, ऐसा लगता है कि नरेंद्र मोदी भारतीय फैशन में अगला बड़ा नाम बन चुके हैं।
उनका छोटा कुर्ता यानी मोदी कुर्ता सबसे अलग पहचान रखता है।