अमरीका की एक शराब कंपनी महात्मा गांधी की तस्वीर वाली बीयर बेच रही है। इसके ख़िलाफ़ मैरीलैंड की रहने वाली विक्टोरिया मिआनी ने एक ऑनलाइन अभियान शुरू किया है। इस बीयर का नाम कंपनी ने 'गांधी-बॉट' रखा है।
विक्टोरिया ने अपनी ऑनलाइन याचिका में कहा है, "बीयर कंपनी की इस हरकत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काफ़ी आलोचना हो रही है। दुर्भाग्य से जिन्हें सच्चाई का अंदाज़ा नहीं वे अपनी इस करतूत पर अड़े हुए हैं और इसकी वकालत कर रहे हैं।
बहुत ही ग़ैर-ज़िम्मेदाराना और व्यंग्यात्मक प्रतिक्रिया में उनका कहना है कि अगर भारत के लोगों को गांधी की तस्वीर वाली बीयर की बोतल आपत्तिजनक लगती है तो फिर वे माफ़ी मांग लेंगे।"
उनके अनुसार उन्होंने ख़बर में देखा कि न्यू इंग्लैंड कंपनी महात्मा गांधी की छवि को धूमिल करते हुए उनकी तस्वीर वाली बीयर बेच रही है। उन्होंने आगे कहा, ''जो गांधी को नहीं जानते हैं मैं उनको बता दूं कि गांधी बिल्कुल भी शराब नहीं पीते थे। यह बिल्कुल भी ऐसा होगा जैसा कि मार्टिन लूथर किंग के चेहरे का इस्तेमाल बंदूक़ के प्रचार अभियान में किया जाए।''