राष्ट्रीय चुनाव आयोग ने इस साल जनवरी-मार्च में हुए विधानसभा चुनावों में वोटरों को जागरूक बनाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाने के लिए ‘अमर उजाला’ को विशेष पुरस्कार देने की घोषणा की है। खास तौर पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में इस अभियान को आयोग ने अहम माना।
आयोग ने 23 जनवरी 2012 को अपने मीडिया सम्मेलन में घोषणा की थी कि वह वोटरों को मतदान का महत्व समझाने और उन्हें जागरूक बनाने वाले मीडिया समूह को पुरस्कृत करेगा। ‘अमर उजाला’ को यह पुरस्कार तीसरे ‘मतदाता दिवस’ पर अगले साल 25 जनवरी को प्रदान किया जाएगा।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में आयोग ने वोटरों को शिक्षित और जागरूक बनाने की दिशा में जी न्यूज के प्रयासों को सराहनीय मानते हुए उसे ‘नेशनल मीडिया अवार्ड’ देने का फैसला किया है। आयोग अगले चुनावों से यह पुरस्कार इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट के लिए अलग-अलग घोषित करेगा।