बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त को मिली पांच साल की सजा माफ कराने की मुहिम को समर्थन करने वालों की संख्या दिन ब दिन बढ़ती जा रही है।
सोमवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता अमर सिंह और लोकसभा सांसद जया प्रदा ने महाराष्ट्र के गवर्नर के शंकरनारायणन से मंगलवार को मुलाकात का समय मांगा है।
एनसीपी ने भी दत्त का समर्थन करते हुए कहा है कि उनकी माफी याचिका पर सकारात्मक तरीके से विचार किया जाना चाहिए। दूसरी ओर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी फेसबुक के जरिए अपना दुख जताते हुए कहा है कि वह पहले ही काफी कुछ भुगत चुके हैं और वह माफी के हकदार हैं।
महाराष्ट्र राज भवन के प्रवक्ता ने बताया कि अमर सिंह और जया प्रदा ने संजय दत्त के मुद्दे पर बात करने के लिए गवर्नर से समय मांगा है। मंगलवार शाम को गवर्नर से उनसे मुलाकात कर सकते हैं। अमर सिंह को संजय दत्त के काफी करीबी माना जाता है और उन्हें राजनीति में लाने वाले भी वही हैं।
वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रवक्ता डीपी त्रिपाठी ने कहा कि जब भी महाराष्ट्र गवर्नर के सामने संजय दत्त की माफी याचिका रखी जाएगी, उसे सकारात्मक तरीके से देखा जाना चाहिए। त्रिपाठी ने दावा किया कि उनकी पार्टी पहले दिन से ही संजय दत्त को माफी देने के समर्थन में है।
इससे पहले भारतीय प्रेस काउंसिल के अध्यक्ष मार्कंडेय काटजू, राज्य सभा सांसद व अभिनेत्री जया बच्चन, शत्रुघ्न सिन्हा भी संजय दत्त को माफी दिलाने की अपील कर चुके हैं। 1993 में मुंबई बम ब्लास्ट मामले में अवैध रूप से हथियार रखने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने संजय दत्त को पांच साल की सजा सुनाई है।
शिव सेना का विरोध जारी
संजय दत्त को मिल रहे समर्थन के बीच इस अभिनेता के खिलाफ शिवसेना का विरोध जारी है। पार्टी का कहना है कि इससे समाज में गलत संदेश जाएगा। महाराष्ट्र विधान परिषद में कानून व्यवस्था पर बहस के दौरान शिवसेना की विधायक नीलम घोरे ने कहा, ‘सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर फिर से विचार करने की संभावना नहीं होनी चाहिए। अगर दत्त को माफ किया जाता है, तो इससे समाज में गलत संदेश जाएगा।’ संयोग से दिवंगत सुनील दत्त ने अपने बेटे पर लगे टाडा को हटाने के लिए शिवसेना सुप्रीमो बाल ठाकरे से ही मदद मांगी थी।