अखिलेश यादव ने आरोपों में फंसे अपने कार्यकर्ताओं को निर्दोष करार दे दिया है। बसपा सरकार के दौरान करीब 3000 सपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री द्वारा सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को इस संबंध में तेजी लाने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में मीडिया को जानकारी देते हुए सपा प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि पिछली सरकार में सपा कार्यकर्ताओं को मनमाने तरीके से झूठे आरोपों में फंसाया गया था। उन्हें प्रताड़ित किया गया और उनके करीबियों को जबरन अपराधी बनाया गया। उनके खिलाफ बलवा, मारपीट, आर्म्सएक्ट में मुकदमे दर्ज कराये गए।
चौधरी ने बताया कि ऐसे फर्जी मुकदमों को वापस लेने का निर्देश देकर मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण को सम्मान दिया है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इन कार्यकर्तोओं को निर्दोष माना है और जल्द ही मुकदमे वापसी की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। चौधरी ने बताया कि अब तक 3000 मुकदमे चिह्नित किये जा चुके हैं जिन पर कार्यवाही के लिए मुख्यमंत्री ने कहा है।