यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के सफाई चैलेंज का मजाक बनाया है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत बॉलीवुड और क्रिकेट जगत की बड़ी-बड़ी हस्तियों ने प्रधानमंत्री के सफाई चैलेंज को स्वीकार किया और झाड़ू लगाई।
लेकिन सीएम अखिलेश में मोदी के सफाई चैलेंज पर सफाई करने के बजाय इस चैलेंज का ही मजाक बनाया। बुधवार को लखनऊ के एक कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने मोदी के इस सफाई अभियान को एक बेवजह का फैशन बताया।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री उन लोगों में से एक हैं जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत झाड़ू उठाने के लिए नामित किया है।
अखिलेश यादव ने जिस तरह से प्रधानमंत्री मोदी के सफाई चैंलेंज का मजाक बनाया वह चौंकाने वाला है।
'ठंडे पानी के बाद अब झाड़ू का फैशन'
एक कार्यक्रम में बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा 'कुछ दिन पहले ठंडे पानी से नहाने का फैशन आया था और अब झाड़ू लगाने का फैशन आया है।'
उन्होंने कहा कुछ दिन पहले लोग खुद ठंडे पानी से नहाते थे और दूसरों को इसका चैलेंज देते थे। इसी तरह से अब झाड़ू लगाने का फैशन शुरू हुआ है जिसमें लोग दूसरे को चैलेंज दे रहे हैं।
इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि पता नहीं ऐसा फैशन कौन शुरू करता और और कहां से ये फैशन आता है। अखिलेश यादव का यह बयान प्रधानमंत्री मोदी की ओर से झाड़ू लगाने के अभियान के मजाक के रूप में माना जा रहा है।
पिछले सप्ताह बनारस के अस्सी घाट में सफाई करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने नौ लोगों अखिलेश यादव, मनु शर्मा, सांसद मनोज तिवारी, क्रिकेटर मोहम्मद कैफ, सुरेश रैना, मशहूर हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव, गायक कैलाश खेर, चित्रकूट के स्वामी रामभद्राचार्य और संस्कृत के विद्वान देवी प्रसाद द्विवेदी को नॉमिनेट किया था।
इनमें से ज्यादातर लोगों ने नॉमिनेशन स्वीकार किया है और वे स्वच्छता अभियान में सहभागी बने हैं।