उत्तर प्रदेश में पत्रकार जगेंद्र की हत्या के आरोपी मंत्री राममूर्ति वर्मा को लेकर सरकार और राज्यपाल में ठन गई है। राज्यपाल राम नाईक ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर राज्य के हालात के साथ पत्रकार को जलाए जाने की घटना की जानकारी दी।
नाईक ने शाहजहांपुर में पत्रकार को जलाए जाने की घटना का विस्तार से जिक्र किया। उनके मुताबिक, यह एक गंभीर घटना है और उन्होंने राज्य सरकार को पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
उत्तर प्रदेश के एक मंत्री द्वारा एक पत्रकार जगेंद्र को कथित तौर पर जिंदा जलाने की वहशियाना हरकत के खिलाफ पत्रकार संगठन खड़े हो गए हैं। एडिटर्स गिल्ड और प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया जैसी संस्थाएं लगातार अखिलेश सरकार के मंत्री के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं लेकिन यूपी सरकार ने एफआईआर दर्ज करने के अलावा कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।